यूपी में जदयू के संगठन को मजबूत करेंगे निशांत, 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए के घटक दल के रूप में उतरने की तैयारी

Summary :

पटना, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अपना संगठन मजबूत करने के साथ वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी उतरने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि जदयू एनडीए के घटक दल के रूप में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रयास करेगी। निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग और पार्टी कार्यकर्ता लंबे समय से वहां एक बैठक आयोजित करने की मांग कर रहे थे। इसी क्रम में वह…

पटना, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अपना संगठन मजबूत करने के साथ वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी उतरने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि जदयू एनडीए के घटक दल के रूप में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रयास करेगी।

निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग और पार्टी कार्यकर्ता लंबे समय से वहां एक बैठक आयोजित करने की मांग कर रहे थे। इसी क्रम में वह उत्तर प्रदेश में बैठक करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जदयू मूल रूप से बिहार से जुड़ी पार्टी है, लेकिन देश के दूसरे राज्यों में भी उसका संगठन रहा है।

उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी मूलतः बिहार से जुड़ी है और देश के दूसरे राज्यों में भी हमारा संगठन रहा है। नॉर्थ ईस्ट में एक समय हमारी काफी अच्छी स्थिति थी। देश के दूसरे राज्यों में भी हमारे मंत्री और विधायक रहे हैं। हमारी योजना है कि उत्तर प्रदेश में भी संगठन का विकास हो और हम आगे बढ़ें।”

निशांत कुमार ने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी इस चुनाव में उतरने के बारे में सोच रही है और एनडीए के घटक दल के रूप में चुनाव लड़ने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करने की दिशा में पार्टी आगे बढ़ रही है।

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए निशांत कुमार ने एनडीए के विजयी उम्मीदवारों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एनडीए के उम्मीदवारों ने तीन सीटों पर जीत हासिल की है, जिनमें दो सीटें भाजपा और एक सीट जदयू ने जीती है। उन्होंने कहा कि जनता ने उनके पिता, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए की ओर से पिछले 20 वर्षों में किए गए कार्यों के प्रति समर्थन जताने के लिए वोट दिया है।

निशांत कुमार ने कहा कि चुनाव में मिली हार की पार्टी समीक्षा करेगी। यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि किन कारणों से हार हुई और कहां कमियां रह गईं। उन्होंने कहा कि समीक्षा के बाद कमियों को दूर करने की कोशिश की जाएगी, ताकि संगठन को और मजबूत बनाया जा सके।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.