Kunal Kamra की टिप्पणी पर बवाल, Shiv Sena नेता राहुल कनाल समेत 20 पर केस दर्ज

Summary :

एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी से बवाल, Kunal Kamra पर केस

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर किए गए कॉमेडियन कुणाल कामरा के कमेंट को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। शिवसेना के नेता राहुल कनाल के साथ ही 20 अन्य के खिलाफ मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। कुणाल कामरा की कॉमेडी को लेकर शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट के नेता समेत 20 अन्य लोगों ने मुंबई के खार स्थित क्लब में विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान तोड़-फोड़ भी हुई थी, जिसे लेकर मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

‘मंदिर तोड़ने वाला औरंगजेब महान कैसे’, Abu Azmi के बयान पर भड़के Eknath Shinde

बता दें, कॉमेडियन कुणाल कामरा ने रविवार को अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर महाराष्ट्र की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए एक वीडियो अपलोड किया था। वीडियो में उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को ‘गद्दार’ बताया। इस वीडियो की एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट के सदस्यों ने तीखी आलोचना की और गुस्सा जताया। वीडियो के बाद शिंदे गुट के नेता राहुल कनाल ने मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में कामरा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कामरा ने हाल ही में खार पश्चिम में ‘ द यूनीकॉन्टिनेंटल ऑफिस’ में आयोजित एक लाइव शो के दौरान एकनाथ शिंदे का बिना नाम लिए अपमानजनक टिप्पणी की। शिकायत के अनुसार, कामरा ने कार्यक्रम के दौरान एकनाथ शिंदे को निशाना बनाते हुए एक गाना गाया, जिसे शिंदे सेना ने आपत्तिजनक बताया।

पार्टी समर्थकों तक प्रदर्शन की खबर पहुंचने के बाद, कुछ शिवसेना कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर गए, क्लब प्रबंधन से पूछताछ की और तोड़फोड़ की। पुलिस ने बताया कि शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई के खार इलाके स्थित क्लब में तोड़फोड़ की, जहां कामरा के विवादित शो को फिल्माया गया था।

कुणाल कामरा ने ‘दिल तो पागल है’ के एक हिंदी गाने की तर्ज पर पूर्व सीएम एकनाथ शिंदे का मजाक उड़ाया। कॉमेडियन ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो क्लिप शेयर की। कुणाल कामरा ने एकनाथ शिंदे की 2022 की बगावत का जिक्र किया, जिसके कारण शिवसेना शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे गुट में विभाजित हो गई थी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.