उत्तर प्रदेश कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर भदोही में हाई अलर्ट, हर केंद्र पर कड़ी निगरानी

Summary :

भदोही, 8 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांस्टेबल भर्ती परीक्षा सोमवार को भदोही जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक प्रशासनिक निगरानी के बीच शुरू हुई। परीक्षा तीन दिनों तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल छह शिफ्टों में अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव त्यागी ने बताया कि जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं और सभी आवश्यक ड्यूटियां पहले से निर्धारित कर दी गई हैं।…

भदोही, 8 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांस्टेबल भर्ती परीक्षा सोमवार को भदोही जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक प्रशासनिक निगरानी के बीच शुरू हुई। परीक्षा तीन दिनों तक आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल छह शिफ्टों में अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव त्यागी ने बताया कि जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं और सभी आवश्यक ड्यूटियां पहले से निर्धारित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं तथा सभी केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

एसपी अभिनव त्यागी के अनुसार, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रामक सूचना को रोकने के लिए सोशल मीडिया की भी लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस की साइबर टीम ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सक्रिय है, ताकि कोई भी व्यक्ति अफवाह फैलाने या परीक्षा से जुड़ी गलत जानकारी प्रसारित करने का प्रयास न कर सके। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, केंद्रों के आसपास भी पुलिस बल को लगाया गया है ताकि बाहरी हस्तक्षेप, अव्यवस्था या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके। अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है।

जिला प्रशासन भी परीक्षा प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रहा है। एसपी अभिनव त्यागी ने कहा कि उनके साथ जिला अधिकारी भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं भी कोई समस्या उत्पन्न न हो। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना है।

–आईएएनएस

पीआईएम/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.