उत्तराखंड स्थापना दिवस समारोह की सुरक्षा को लेकर पुलिस की ब्रीफिंग, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Summary :

चमोली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में आयोजित होने वाले भव्य समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चमोली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई अतिविशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा और पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट द्वारा ड्यूटी पर नियुक्त समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग ली गई। ब्रीफिंग के दौरान कार्यक्रम स्थल की समग्र सुरक्षा व्यवस्था, यातायात…

चमोली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में आयोजित होने वाले भव्य समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चमोली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई अतिविशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा और पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट द्वारा ड्यूटी पर नियुक्त समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग ली गई।

ब्रीफिंग के दौरान कार्यक्रम स्थल की समग्र सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने ड्यूटी प्वाइंटों का जायजा लेते हुए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का पर्व है। ऐसे में समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कर्मियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर समय पर पहुंचने, पूरी सतर्कता बरतने और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।

वहीं, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट ने आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी एक-दूसरे के संपर्क में रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें।

ब्रीफिंग में यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। समारोह के दौरान मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। वीआईपी वाहनों के आवागमन के लिए रूट प्लान तैयार किया गया है, ताकि आम जनता को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भीड़ प्रबंधन को लेकर भी पुलिस ने विशेष रणनीति बनाई है। कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड के लिए अलग से मार्ग सुरक्षित रखा जाएगा।

अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

–आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.