भुवनेश्वर : ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा दुख जाहिर किया और उन्हें देश के सबसे ‘‘मंझे हुए नेताओं में से एक’’ बताया। ओडिशा के मुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने से पहले तक पटनायक वाजपेयी के शासन में मार्च 1998 से मार्च 2000 तक केन्द्रीय इस्पात एवं खनन मंत्री थे। नयी दिल्ली के एम्स में दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के बाद पटनायक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वाजपेयीजी के निधन से मैं बहुत दुखी हूं। भारत ने अपने मंझे हुए नेताओं में से एक को खो दिया। उनसे भारत के लोग और जाहिर तौर पर ओडिशा के लोग बहुत प्यार करते हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’
पूर्व प्रधानमंत्री की बिगड़ती सेहत के बारे में जानकारी मिलते ही पटनायक उनकी सेहत का हाल जानने के लिये राष्ट्रीय राजधानी के लिये रवाना हो गये। बहरहाल पटनायक जैसे ही एम्स परिसर पहुंचे तब तक वाजपेयी के निधन की घोषणा कर दी गयी थी। भुवनेश्वर के लिये रवाना होने से पहले पटनायक ने कहा, ‘‘मैं उनकी (वाजपेयी की) सरकार में दो साल तक कैबिनेट मंत्री के तौर पर रहा। उनके बारे में सुनकर बहुत दुखी हूं।’’ वाजपेयी के साथ काम करने के अनुभव के बारे में पूछे जाने पर पटनायक ने कहा, ‘‘वाजपेयी महान नेता थे और उनके नेतृत्व में काम करना हमेशा से बहुत अच्छा अनुभव रहा है।’’


Download Android App
Download iOS App



