वरिष्ठजन समाज की अमूल्य पूंजी, विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर भाजपा नेताओं ने लिया सम्मान का संकल्प

Summary :

नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई भाजपा नेताओं ने विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही वरिष्ठजनों के सेवा और सम्मान का संकल्प लिया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में कहा, “विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर दिल्ली सरकार अपने सभी वरिष्ठजनों के सम्मान, स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन के संकल्प को दोहराती है। हमारे वरिष्ठजनों का अनुभव समाज की अमूल्य पूंजी है और उनका आशीर्वाद हमारी शक्ति। बीते डेढ़ वर्ष में ‘आयुष्मान वय वंदना योजना’ से 10 लाख तक की निःशुल्क चिकित्सा…

नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई भाजपा नेताओं ने विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही वरिष्ठजनों के सेवा और सम्मान का संकल्प लिया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में कहा, “विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर दिल्ली सरकार अपने सभी वरिष्ठजनों के सम्मान, स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन के संकल्प को दोहराती है। हमारे वरिष्ठजनों का अनुभव समाज की अमूल्य पूंजी है और उनका आशीर्वाद हमारी शक्ति। बीते डेढ़ वर्ष में ‘आयुष्मान वय वंदना योजना’ से 10 लाख तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा और ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिरों’ के माध्यम से घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की गई हैं। दिल्ली का हर वरिष्ठजन स्वस्थ रहे, सुरक्षित रहे और सम्मान के साथ जीवन जिए, यही हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट किया, “अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर सभी आदरणीय वरिष्ठजनों को सादर नमन एवं हार्दिक शुभकामनाएं! हमारे वरिष्ठजन अनुभव, संस्कार, ज्ञान और जीवन मूल्यों की अमूल्य धरोहर हैं। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य शक्ति है। आइए, इस अवसर पर हम सभी अपने वरिष्ठजनों के सम्मान, सेवा और उनके अनुभवों से प्रेरणा लेकर संवेदनशील, संस्कारित एवं सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक्स पर लिखा, “हरियाणा की धरती की संस्कृति और भारत के संस्कारों में बुजुर्गों का सम्मान हमारी सबसे बड़ी पहचान है। हमारे बड़े-बुजुर्ग केवल परिवार की नींव ही नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं, अनुभवों और संस्कारों की जीवंत धरोहर हैं। उनकी सेवा करना और उनका मान-सम्मान बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी भी है और हमारी संस्कृति भी। इसी भावना के साथ हरियाणा में वरिष्ठ नागरिकों की घर-द्वार पर देखभाल के लिए 1,000 देखभाल सहायकों (केयरगिवर्स) को तैयार किया जाएगा। विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “संस्कृति, संस्कार एवं सुमति के सशक्त आधार हमारे बुजुर्गों व सभी वयोवृद्ध नागरिकों को ‘वर्ल्ड सीनियर सिटीजन डे’ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आइए, अपने दीर्घ अनुभवों से हमारे जीवन का पथ प्रगति एवं उन्नति की ओर प्रशस्त करने वाले सभी वरिष्ठ जनों की सेवा, सुरक्षा और सम्मान हेतु संकल्पित हों।”

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर पोस्ट किया, “वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर मैं हमारे सभी बुजुर्गों को दिल से बधाई देता हूं। उनकी समझदारी और त्याग ने हमारे समाज को आकार दिया है। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि वे सम्मान और देखभाल के साथ जीवन जिएं। इसके लिए कई सार्थक पहल की गई हैं, जैसे सरकारी कर्मचारियों को अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए विशेष छुट्टी देना, साथ ही हर वरिष्ठ नागरिक के लिए सहायता को और मजबूत करना।”

उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक्स पर पोस्ट किया, “अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर हमारे अभिभावकों एवं वरिष्ठजनों को सादर नमन। जीवन के हर मोड़ पर हमारा मार्गदर्शन करने वाले सभी आदरणीय वरिष्ठ नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय जीवन की ईश्वर से कामना करता हूं। उनका संबल ही हमारी असली शक्ति है।”

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिखा, “भारतीय संस्कृति व गौरवशाली परंपरा के संवाहक एवं समाज को दिशा दिखाने वाले सभी बुजुर्गों वरिष्ठ जनों को विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आइए, हम सभी वरिष्ठजनों के लिए स्वस्थ, सुखी जीवन सुनिश्चित करने का संकल्प लें।”

बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट किया, “सेवा, सम्मान और स्नेह के संकल्प के साथ विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमारे वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन के अमूल्य स्रोत हैं। आइए, उनके सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लें।”

–आईएएनएस

ओपी/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.