वसुंधरा राजे ने मजबूती से किया शासन, भजनलाल सरकार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त : अशोक गहलोत

Summary :

जयपुर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल की तारीफ की और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की आलोचना की। अशोक गहलोत ने कहा, “वसुंधरा राजे के साथ मेरे काफी मतभेद रहे हैं। उनके पहले पांच साल के कार्यकाल के दौरान तो हमने एक-दूसरे से बात तक नहीं की थी। हालांकि, उनके काम करने के तरीके और मौजूदा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काम करने के तरीके में जमीन-आसमान का अंतर है।” उन्होंने वसुंधरा राजे के प्रशासनिक अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि…

जयपुर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल की तारीफ की और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की आलोचना की।

अशोक गहलोत ने कहा, “वसुंधरा राजे के साथ मेरे काफी मतभेद रहे हैं। उनके पहले पांच साल के कार्यकाल के दौरान तो हमने एक-दूसरे से बात तक नहीं की थी। हालांकि, उनके काम करने के तरीके और मौजूदा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काम करने के तरीके में जमीन-आसमान का अंतर है।” उन्होंने वसुंधरा राजे के प्रशासनिक अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि राजस्थान की मुख्यमंत्री बनने से पहले वह केंद्रीय मंत्री भी रह चुकी थीं और उन्हें प्रशासन का काफी अनुभव था। इस अनुभव का फायदा राजस्थान की जनता को मिला।

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा, “वसुंधरा राजे ने उनकी सरकार के खिलाफ अभियान चलाया और चुनाव जीतकर सरकार भी चलाई। उन्होंने ब्यूरोक्रेसी को इतना ज्यादा कंट्रोल में रखा कि कई लोग बैठक में बीमार तक पड़ जाते थे। उन्होंने अपने तरीके से शासन किया।”

अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। जनता कह रही है कि हमारी सुनवाई नहीं हो रही, काम नहीं हो रहा है। कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। भजनलाल शर्मा को एक मौका मिला था और उनको खुद को साबित करना चाहिए था। मुख्यमंत्री शुरुआत में ही विदेश चले गए जबकि इसकी आवश्कयता नहीं थी। मुख्यमंत्री को राइजिंग राजस्थान की कोई जरूरत नहीं थीं। इसका कोई फायदा नहीं होता है। इस कार्यक्रम से 10-15 फीसदी निवेश आता है जबकि सरकार ने इस कार्यक्रम के लिए 100 करोड़ रुपये खर्च कर दिए।

हालांकि गहलोत ने कहा कि भजनलाल शर्मा के प्रति उनके मन में कोई भी द्वेष भावना नहीं है क्योंकि वो मुख्यमंत्री हैं। राज्यपाल और मुख्यमंत्री का हमेशा सम्मान करना चाहिए, यह हमें सिखाया जाता है। जन्मदिन और त्योहारों पर भजनलाल शर्मा से बात करता रहता हूं।

–आईएएनएस

ओपी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.