Vessel Virat 1 Oman Coast : खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के बीच ओमान के समुद्र तट के पास एक बड़ा हादसा सामने आया है। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को पुष्टि की है कि ओमान के तट के निकट 14 भारतीय चालक दल (क्रू) के सदस्यों वाले एक जहाज के साथ गंभीर घटना घटी है।
भारतीय मिशन ने हालांकि इस हादसे की सटीक वजहों या प्रकृति को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत ब्योरा साझा नहीं किया है। मगर जानकारी के अनुसार इंजन की खराबी इसकी वजह हो सकती है.
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आधिकारिक पोस्ट के जरिए बताया कि ओमान के स्थानीय प्रशासन और घटना के वक्त समुद्र में आस-पास मौजूद अन्य जहाजों के साथ मिलकर युद्धस्तर पर खोज और बचाव अभियान (सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन) चलाया जा रहा है।
भारतीय झंडे वाले ‘विराट 1’ पर संकट

भारतीय दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया, “मिशन को ओमान के तट के समीप भारतीय ध्वज वाले मैकेनाइज्ड सेलिंग वेसल ‘विराट 1’ से जुड़ी एक दुर्घटना की जानकारी मिली है। प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, इस जहाज पर कुल 14 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे।”
इस बीच सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह 14 जून को ओमान के रास अल हद्द से तकरीबन 80 नॉटिकल मील पूर्व में यह पारंपरिक नाव अचानक समुद्र में डूबने लगी। नाव को संकट में घिरता देख अमेरिकी नौसेना ने तुरंत मोर्चा संभाला और तटीय अधिकारियों को आपातकालीन रेस्क्यू के लिए अलर्ट किया। बचाव कार्य को गति देने के लिए अमेरिकी नौसेना के पी-8 मैरीटाइम पेट्रोल एयरक्राफ्ट ने संकटग्रस्त जहाज के पास एक लाइफ राफ्ट गिराया और उस पर सवार लोगों को सुरक्षित निकालने की मॉनिटरिंग शुरू की।
अमेरिकी नौसेना और मर्चेंट जहाज ने संभाला मोर्चा
मस्कट में मौजूद सूत्रों ने बताया कि अमेरिकी नौसेना ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पास से गुजर रहे सेंट किट्स एंड नेविस के झंडे वाले एक मर्चेंट वेसल ‘एमवी जबल अली 9’ से भी संपर्क साधा और तालमेल बिठाकर मदद मांगी। जैसे ही ‘जहाज’ समुद्र में समाने लगी, उस पर सवार सभी क्रू सदस्य लाइफ राफ्ट पर आ गए।
गौर करने वाली बात यह है कि खाड़ी के इस समुद्री इलाके में पिछले कुछ समय से तनाव काफी बढ़ा हुआ है। पिछले सप्ताह भी ओमान के तट के पास भारतीय क्रू सदस्यों वाले तीन जहाजों पर अमेरिकी हमला हुआ था, जिसमें तीन भारतीय नाविकों की जान चली गई थी। इस ताजा घटना के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय और दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App




