मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के अम्बा थाना क्षेत्र के बरबाई गांव में दो बच्चियों के अपरहण की घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया। इससे पुलिस के दो तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गये, वहीं इस घटना में कुछ पुलिस कर्मचारियों के चोटिल होने की भी सूचना है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव की दो बच्चियों का सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने अपहरण करने का प्रयास किया। बच्चियों के शोर मचाने पर ग्रामीण वहां एकत्रित हो गये और बच्चियों को बदमाशों के कब्जे से छुडाकर दो बदमाशों को पकड़कर एक पेड़ में बांध दिया और बाद में समीप के एक मंदिर के अंदर दोनों बदमाशों को बंद कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। जिसमें ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को मौके पर आने की मांग की। जिस पर पुलिस अधीक्षक तो मौके पर नहीं पहुंचे, लेकिन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मय पुलिय बल के साथ मौके पर पहुंच गये। इस पर गुस्साएं ग्रामीणों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया।
जिसमें पुलिस के दो से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ पुलिस कर्मियों को भी इस घटना में चोटें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने बंधक बनाए गए दो बदमाशों को थाने पर लेकर पहुंच गये। इससे पूर्व इसी थाना क्षेत्र के ग्राम रुअर से पिछले रविवार को एक बच्ची लक्ष्मी तोमर का दो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने अगवा कर लिया जिसका अब तक पता नहीं चल सका है।
हालांकि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अलग अलग टीमें गठित कर बच्ची की तलाश में विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लगी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भी आक्रोश है।


Download Android App
Download iOS App



