विपक्ष के सांसदों ने सरकार पर जनता को गुमराह करने के लगाए आरोप

Summary :

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। महंगाई, एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। विपक्षी नेताओं ने कहा कि सरकार आम लोगों की परेशानियों पर ध्यान नहीं दे रही है और जनता को गुमराह कर रही है। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “देश में एलपीजी सिलेंडर की स्थिति और उससे जुड़े अन्य मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। इन विषयों को सिर्फ संसद में एक बयान के तौर पर नहीं रखा जाना चाहिए बल्कि इस पर…

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। महंगाई, एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। विपक्षी नेताओं ने कहा कि सरकार आम लोगों की परेशानियों पर ध्यान नहीं दे रही है और जनता को गुमराह कर रही है।

कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “देश में एलपीजी सिलेंडर की स्थिति और उससे जुड़े अन्य मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। इन विषयों को सिर्फ संसद में एक बयान के तौर पर नहीं रखा जाना चाहिए बल्कि इस पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए। जब देश का नियंत्रण एक पार्टी या एक व्यक्ति के हाथ में हो, तब सभी को देश के हित के बारे में सोचना जरूरी है।”

कांग्रेस सांसद प्रशांत पडोले ने भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा, “आम जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। रोजमर्रा की जरूरत की चीजें जैसे गैस सिलेंडर और पेट्रोल लगातार महंगे होते जा रहे हैं, जिससे आम लोगों की जिंदगी मुश्किल हो रही है।” उन्होंने सरकार से अपील की कि वह जनता की आवाज सुने और बेहतर फैसले लेकर खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों की मदद करे।

कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि महंगाई अपने चरम पर है और जनता इससे परेशान है, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं दिखाई दे रही है। भारत का संविधान एक वेलफेयर स्टेट की अवधारणा पर आधारित है लेकिन वर्तमान सरकार इस दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठा रही है।

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का मुद्दा उठाएगा। उन्होंने कहा कि जनता जिन कठिनाइयों का सामना कर रही है, उन पर संसद में चर्चा होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार पर विभाजनकारी राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने भी सदन में सत्ता पक्ष की भाषा और रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता ने अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी लेकिन सत्ता पक्ष का ध्यान मुद्दों के बजाय विपक्ष के नेता पर केंद्रित दिखाई दे रहा है।

वहीं, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर वैश्विक तनाव और जंग जैसी स्थितियां जारी रहती हैं, तो कई सेक्टर प्रभावित होंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने का सरकार का फैसला सही है, लेकिन दूरदृष्टि की कमी के कारण देश मुश्किल स्थिति में पहुंच गया है।

उधर, तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने कहा कि एलपीजी की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई है और एयरलाइंस के किराए भी बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की नाकामी बताते हुए कहा कि सरकार को पहले ही कदम उठाकर सब्सिडी देनी चाहिए थी, ताकि आम लोगों पर बोझ न पड़े।

–आईएएनएस

एसएके/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.