West Bengal: Medinipur में छात्रों पर अत्याचार, अग्निमित्रा पॉल ने ममता सरकार को घेरा

Summary :

छात्रों के साथ अत्याचार, मानवाधिकार आयोग से जांच की मांग

पश्चिम बंगाल भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने मेदिनीपुर में छात्रों पर अत्याचार को लेकर राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार की कटु आलोचना की। अग्निमित्रा पॉल ने यहां आईएएनएस से कहा कि बुधवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (एआईडीएसओ) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के छात्रों को मेदिनीपुर के महिला कोतवाली थाने ले जाकर उनके साथ अत्याचार किया गया।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि कभी-कभी खुद से यह पूछना पड़ता है कि हम 2025 के भारत में हैं, 2025 के पश्चिम बंगाल में हैं या मध्यकालीन युग में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेदिनीपुर के महिला कोतवाली थाने में छात्रों के ऊपर जली हुई मोमबत्ती का मोम डाला जा रहा है। पुलिस उनके पैर पर खड़ी हो रही है और उन्हें बेंत मार रही है।

हमें यकीन है कि कोतवाली थाने के पुलिस अधिकारी की इतनी हिम्मत नहीं है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की इजाजत के बिना ऐसे अत्याचार करें। उन्होंने कहा कि यह ममता बनर्जी से इजाजत लेकर किया गया है।

भाजपा नेता ने कहा कि मानवाधिकार आयोग आज देखे कि आज 2025 में महिलाओं पर किस तरह से अत्याचार हो रहा है। पश्चिम बंगाल कोई मध्यकालीन युग का दूसरा राज्य नहीं है, भारत का राज्य है। हम लोग भारत के अंतर्गत हैं। हिरासत में लेकर थाने में छात्रों को मारा जा रहा है। इसका हम लोग घोर धिक्कार करते हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.