पश्चिम बंगाल: नेताओं के ग्रामीणों पर किए गए अत्याचार को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन से दहले पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में शुक्रवार को भी तनाव बना रहा। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय टीम और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को इस क्षेत्र का दौरा करने वाले हैं। पुलिस इलाके में गश्त कर रही है और स्थिति खराब होने की आशंका के चलते क्षेत्र में राजनीतिक नेताओं के दौरे रोकने के लिए अवरोधक लगाए गए हैं। पांच महिलाओं समेत भाजपा के छह सांसदों का आज दोपहर उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि का दौरा करने का कार्यक्रम है। सांसदों ने उन्होंने आरोप लगाया है कि वहां कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।
- पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में शुक्रवार को भी तनाव बना रहा
- BJP और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को इस क्षेत्र का दौरा करने वाले हैं
- पुलिस इलाके में गश्त कर रही है
- क्षेत्र में राजनीतिक नेताओं के दौरे रोकने के लिए अवरोधक लगाए गए हैं
जे.पी.नड्डा ने छह सदस्यीय समिति का गठन किया
भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने संदेशखाली का दौरा करने के लिए पार्टी सांसदों की छह सदस्यीय समिति का गठन किया है, जहां महिलाएं स्थानीय टीएमसी नेताओं के कथित अत्याचारों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक, समिति की संयोजक अन्नपूर्णा देवी, सुनीता दुग्गल, कविता पाटीदार, संगीता यादव और उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृजलाल समिति के सदस्य हैं। अन्नपूर्णा देवी ने कहा, हमें उम्मीद है कि पुलिस हमें इलाके में जाने से नहीं रोकेगी। राज्य सरकार सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रही है। संदेशखालि में जो हो रहा है वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि क्षेत्र में लोकतंत्र खतरे में है और लोकतांत्रिक अधिकार छीने जा रहे हैं। अन्नपूर्णा देवी ने कहा, सत्तारूढ़ टीएमसी और उसके गुंडों ने इलाके में आतंक का राज फैला रखा है।
TMC नेता पर लगे बड़े आरोप
लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के नेता और पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी का भी आज दोपहर क्षेत्र का दौरा करने का कार्यक्रम है। बड़ी संख्या में इलाके की महिलाओं ने तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता शाहजहां शेख और उनके समर्थकों पर जबरदस्ती जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। शाहजहां से जुड़े लोगों ने पांच जनवरी को राशन घोटाले के सिलसिले में छापा मारने गए प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर हमला कर दिया था, जिसके बाद से शाहजहां फरार हैं। टीएमसी ने भाजपा और कांग्रेस के दौरों को ज्यादा महत्व न देते हुए कहा कि ऐसी राजनीतिक यात्राएं स्थिति को खराब करने के उद्देश्य से होती हैं। टीएमसी के नेता कुणाल घोष ने दावा किया, भाजपा को उत्तर प्रदेश में टीमें भेजनी चाहिए, जहां महिलाओं के खिलाफ बड़े पैमाने पर अपराध होते हैं। कांग्रेस बंगाल में भाजपा की बी-टीम है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





