किसी दूसरे के कंप्यूटर पर WhatsApp चलाने के बाद क्या आप सिर्फ ब्राउजर बंद करके चले जाते हैं? अगर हां, तो अपनी यह आदत बदल लीजिए। आपकी यही छोटी सी गलती किसी दूसरे व्यक्ति को आपके WhatsApp अकाउंट तक पहुंचा सकती है। वह आपकी प्राइवेट बातचीत पढ़ने के साथ-साथ आपके अकाउंट से दूसरों को मैसेज भी भेज सकता है। इस बीच अब गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाली साइबर सुरक्षा एजेंसी इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने इस खतरे को लेकर यूजर्स को अलर्ट किया है।
WhatsApp Web की मदद से कंप्यूटर पर मैसेज भेजना और पढ़ना आसान हो जाता है। यही वजह है कि ऑफिस में काम करने वाले कई लोग इसे अपने कंप्यूटर पर इस्तेमाल करते हैं। परेशानी तब शुरू होती है, जब एक ही कंप्यूटर का इस्तेमाल कई लोग करते हैं और कोई यूजर अपना अकाउंट लॉगआउट करना भूल जाता है। I4C की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने 18 नवंबर 2026 को जारी एडवाइजरी में इस खतरे के बारे में बताया है। एजेंसी के मुताबिक, कंप्यूटर पर खुला WhatsApp Web सेशन किसी दूसरे व्यक्ति के लिए आपके अकाउंट तक पहुंचने का रास्ता बन सकता है।
आपके नाम से भेजे जा सकते हैं फर्जी मैसेज
- अगर किसी व्यक्ति को आपके WhatsApp के एक्टिव सेशन तक पहुंच मिल जाती है, तो वह आपकी चैट और कॉन्टैक्ट्स देख सकता है। इसके अलावा आपके ग्रुप में मैसेज भेजने और आपकी पहचान का इस्तेमाल करने का खतरा भी रहता है।
- इसका असर आपके दोस्तों, परिवार और ऑफिस के लोगों पर भी पड़ सकता है। उदाहरण के लिए, कोई ठग आपके अकाउंट से किसी जानने वाले को मैसेज करके पैसों की मांग कर सकता है।
- वह किसी संदिग्ध लिंक को भेजकर दूसरे व्यक्ति की प्राइवेट जानकारी हासिल करने की कोशिश भी कर सकता है।
- ऐसे मामलों में लोग इसलिए धोखा खा सकते हैं, क्योंकि मैसेज उनके जानने वाले व्यक्ति के अकाउंट से आया होता है।
- कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद सिर्फ टैब बंद करना काफी नहीं है। ऐसा करने से आपका WhatsApp अकाउंट लॉगआउट नहीं होता।
- अगर आप लॉगआउट किए बिना कंप्यूटर छोड़ देते हैं, तो बाद में उस कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाला कोई भी व्यक्ति आपके WhatsApp मैसेज देख सकता है। इसलिए काम खत्म होने के बाद WhatsApp Web से Log Out जरूर करें।
साइबर कैफे को लेकर क्या कहा?
- I4C ने ऐसे कंप्यूटरों पर WhatsApp Web चलाने से बचने की सलाह दी है, जिनका इस्तेमाल कई लोग करते हैं। इनमें साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर, पब्लिक कियोस्क और ऑफिस के शेयर्ड कंप्यूटर शामिल हैं।
- एजेंसी के अनुसार, अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाना जरूरी हो, तो Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल किया जा सकता है।
- लेकिन, इस मोड में भी काम पूरा होने के बाद मैन्युअल लॉगआउट करना जरूरी है।
- साथ ही, ऐसे कंप्यूटर पर सरकारी डॉक्यूमेंट्स बैंक से जुड़ी जानकारी या दूसरी प्राइवेट चीजें शेयर करने से बचना चाहिए।
कैसे पता करें आपका WhatsApp कहां खुला है
अगर आपको शक है कि आपका WhatsApp किसी दूसरे कंप्यूटर पर खुला रह गया है, तो फोन से इसकी जांच कर सकते हैं।
- Android में WhatsApp खोलकर ऊपर दिए गए 3 डॉट पर टैप करें।
- इसके बाद Linked Devices ऑप्शन चुनें।
- iPhone में Settings खोलकर Linked Devices पर जाएं।
- यहां आपके अकाउंट से जुड़े सभी डिवाइस की जानकारी मिलेगी।
- जिस डिवाइस को आप नहीं पहचानते या इस्तेमाल नहीं करते, उसे चुनकर Log Out कर दें।
अकाउंट की सुरक्षा के लिए अपनाएं ये तरीके
- I4C ने यूजर्स को सलाह दी है कि वे अपने फोन, कंप्यूटर और ब्राउजर को समय-समय पर अपडेट करते रहें।
- किसी अनजान फाइल को डाउनलोड न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साथ ही, क्रैक्ड सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल भी न करें।
- अगर आपके WhatsApp से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिन्हें आपने नहीं भेजा है, तो तुरंत Linked Devices में जाकर चेक करें।
- अगर कोई अनजान डिवाइस जुड़ा हुआ है, तो उसे तुरंत लॉगआउट कर दें।
- ध्यान रखें, WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद लॉगआउट करना जरूरी है। इससे आपकी प्राइवेट चैट और अकाउंट सुरक्षित रह सकते हैं।
यह भी पढ़ें: चीन के मुकाबले भारत की स्थिति में अभी बड़ा अंतर, बराबरी के लिए और प्रयास जरूरी: मजीद मेमन


Download Android App
Download iOS App




