कौन हैं हरजीत सिंह लाडी? आखिर क्यों कपिल शर्मा के कैफे को बनाया निशाना

Summary :

मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा का हाल ही में कनाडा के सरे शहर में एक नया कैफे “Kap’s” खुला था. इसकी ग्रांड ओपनिंग भी बड़े ही धूमधाम से की गई थी. वहीं कपिल और उनकी पत्नी गिन्नी ने इस कैफे की कई खूबसूरत तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं. ऐसे में अब इस कैफे पर रात में गोलीबारी की वारदात सामने आई है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तान समर्थक संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने ली है. बताया जा रहा है कि इस हमले…

मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा का हाल ही में कनाडा के सरे शहर में एक नया कैफे “Kap’s” खुला था. इसकी ग्रांड ओपनिंग भी बड़े ही धूमधाम से की गई थी. वहीं कपिल और उनकी पत्नी गिन्नी ने इस कैफे की कई खूबसूरत तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं. ऐसे में अब इस कैफे पर रात में गोलीबारी की वारदात सामने आई है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तान समर्थक संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने ली है. बताया जा रहा है कि इस हमले को अंजाम देने वाला आतंकी हरजीत सिंह उर्फ लड्डी है, जो पहले भी कई आतंकी वारदातों में शामिल रह चुका है.

कौन है हरजीत सिंह लड्डी?

हरजीत सिंह लड्डी पंजाब के नवांशहर जिले के गरपधाना गांव का रहने वाला है. उसे भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने ‘मोस्ट वांटेड’ घोषित कर रखा है. अप्रैल 2024 में NIA ने हिंदू संगठन विहिप के नेता विकास प्रभाकर की हत्या के मामले में लड्डी पर 10 लाख रुपये का इनाम रखा था.

ISI से जुड़े हैं लड्डी के तार

हरजीत सिंह का संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से भी बताया जा रहा है. वह पाकिस्तान में रह रहे बब्बर खालसा के मुखिया के साथ मिलकर काम करता है. उसकी जिम्मेदारी संगठन के अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन्स और फंडिंग को संभालने की है. माना जाता है कि वह जर्मनी में रहकर कनाडा और अन्य देशों में संगठन की गतिविधियों को संचालित करता है.

बब्बर खालसा का आतंकवादी इतिहास

बब्बर खालसा इंटरनेशनल एक खालिस्तानी आतंकी संगठन है जिसकी स्थापना 1978 में हुई थी. इसका मकसद भारत से अलग एक खालिस्तान नामक देश बनाना है. 1980 और 1990 के दशकों में इस संगठन ने कई हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया. भारत के साथ-साथ अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ ने भी इसे आतंकी संगठन घोषित किया है.

हथियार और ड्रग्स से होती है फंडिंग

बब्बर खालसा पर हथियारों की तस्करी और ड्रग्स के जरिए पैसे जुटाने जैसे गंभीर आरोप हैं. इसका नेटवर्क पाकिस्तान में बैठा नेतृत्व संभालता है और विश्वभर में फैले सदस्य इन गतिविधियों को आगे बढ़ाते हैं.

जांच एजेंसियों की सतर्कता

कैफे पर फायरिंग की घटना के बाद अब भारतीय और कनाडाई एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. माना जा रहा है कि यह हमला सिर्फ एक बिजनेसमैन या सेलिब्रिटी को निशाना बनाने का नहीं, बल्कि डर और अस्थिरता फैलाने की एक साजिश है.

यह भी पढ़ें-कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर गोलीबारी, हमलावर फरार 

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।