भोपाल : मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस सूची में 20 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय की मौजूदगी में सूची जारी हुई है। सूची में पूर्व आईपीएस, गांधीवादी, किसान नेता से युवा और पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के प्रत्याशियों की दूसरी सूची 6 जुलाई को ग्वालियर में जारी की जाएगी। यह भी बताया जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 15 जुलाई को इंदौर आएंगे।
इससे पहले पत्रकारों को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रभारी गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में व्यवस्था बदलने की जो शुरुआत की है, उसे मध्यप्रदेश में आगे बढ़ाया जाएगा और इसी क्रम में आज 20 प्रत्याशियों की सूची जारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस और भाजपा की सरकारों ने लूट और भ्रष्टाचार की जो व्यवस्था बनाई है, उसके कारण प्रदेश में हर ओर समस्याएं हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसान, बिजली, सड़क, पानी जैसे बुनियादी मुद्दों पर मध्यप्रदेश की स्थिति बेहद खराब है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी इन दोनों ही पार्टियों से त्रस्त हो चुका है और व्यवस्था परिवर्तन के लिए आम आदमी पार्टी पर भरोसा जता रहा है। वहीं आप के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की सूची जारी करते हुए कहा कि इस सूची के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई की शुरुआत कर दी है। उन्होंने बताया कि सूची में जिन पार्टी प्रत्याशियों को विधानसभा चुनाव का टिकट दिया गया है,
उनमें प्रमुख रूप से विधानसभा क्षेत्र बिजावर से अमित भटनागर, अमरपाटन से जितेंद्र चौरसिया, गोटेगांव (अनुसूचित जाति) से महेश प्रसाद चौधरी, सीहोर से कृष्णपाल सिंह बघेल, विधानसभा क्षेत्र नीमच से नवीन अग्रवाल, सेवढ़ा से परिणीता राजे, बिछिया (अनुसूचित जनजाति) से अशोक शाह धुर्वे, निवाड़ी से एडवोकेट गोपाल सिंह ठाकुर, ग्वालियर दक्षिण से दिलीप मिश्रा, विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर-15 से कुलदीप बाथम, भोपाल उत्तर से जुबेर खान, सीधी से रामविशाल विश्वकर्मा, पथरिया से एडवोकेट चंद्रमोहन गुरु, चितरंगी से अवधेश सिंह, छिन्दवाड़ा से अनिमेष पांडे, कसरावद से शैलेश चौबे, लांजी बालाघाट से हीरालाल पांचे, घोड़ाडोंगरी (अनुसूचित जनजाति) से मुकेश अखंडे, बड़ा मलहरा से जगदीश सिंह, विधानसभा क्षेत्र जतारा से रामदीन अहिरवार को पार्टी प्रत्याशी बनाया गया है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



