अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान बबीता फोगाट और उनके पिता महावीर फोगाट आज भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गई है। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू की उपस्थिति में वह पार्टी में शामिल हुए। पार्टी ज्वाइन करने के बाद बबीता और उनके पिता महावीर ने बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। महावीर फोगाट इससे पहले जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) में शामिल थे।
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) में विभाजन के बाद हिसार के सासंद दुष्यंत चौटाला ने पिछले साल जननायक जनता पार्टी बनाई थी। महावीर फोगाट और बबीता फोगाट हरियाणा विधानसभा चुनाव से दो महीने पहले बीजेपी से जुड़ रहे हैं। बीजेपी में शामिल होने की वजह के बारे में पूछे जाने पर महावीर फोगाट ने कहा, ‘‘ हम नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों और कार्यक्रम से प्रभावित हैं।’’

उन्होंने अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को खत्म करने के मोदी सरकार के फैसले को ‘सही फैसला’ बताया। द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित महावीर फोगाट ने कहा, ‘‘ केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रहित में अनुच्छेद 370 का निरसन और लिए गए कई अन्य निर्णयों ने मुझे और मुझ जैसे लाखों देशवासियों को प्रभावित किया।
हरियाणा में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। इसी के मद्देनजर सत्तारूढ़ बीजेपी अपने कुनबे को और मजबूत करने के लिए प्रयास कर रही है। बीजेपी ने हरियाणा के लिए नरेंद्र सिंह तोमर को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। भूपेंद्र सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है। पार्टी ने इस बार 90 सीटों में से 75 प्लस का नारा दिया है।


Download Android App
Download iOS App



