लखनऊ, 6 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण के मौके पर मंत्री दानिश आजाद ने योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले नौकरियों में घूस और घोटाला चलता था, लेकिन योगी सरकार ने 10 लाख से अधिक युवाओं को बिना किसी पैसे के सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अंधेरा सिर्फ भ्रष्टाचारियों, अपराधियों और उत्पातियों के घर में है। आम जनता के घर में उजाला, खुशहाली और विकास है।
उत्तर प्रदेश में युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण करने को लेकर यूपी के मंत्री दानिश आजाद ने कहा, “उत्तर प्रदेश की हमारी योगी सरकार नौजवानों की सरकार है। जिस तरीके से 2017 के बाद उत्तर प्रदेश के नौजवानों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए योगी सरकार ने काम किया है, यह अभूतपूर्व है। आज देखिए 2017 से पहले का उत्तर प्रदेश और 2017 के बाद के उत्तर प्रदेश की बात करना बहुत जरूरी है।”
दानिश आजाद ने कहा कि 2017 से पहले इसी उत्तर प्रदेश में नौकरियां बिना घूस और घोटाले के नहीं मिल सकती थीं। सरकारी नौकरियों का बंदरबांट होता था, बोलियां लगती थीं। आज उसी उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने प्रतिभाशाली और सक्षम नौजवानों को आगे बढ़ाने का काम किया है। दस लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरियों से जोड़ने का काम योगी सरकार ने किया है और किसी भी नौकरी के लिए उत्तर प्रदेश में पैसे लिए गए हों, ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है।
मंत्री दानिश आजाद ने कहा कि यह बहुत बड़े बदलाव की शुरुआत है, जो सीएम योगी ने की है। यह उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। कोई भी प्रदेश हो या देश हो, युवाओं की ऊर्जा के बिना आगे नहीं बढ़ सकता। यह बात योगी सरकार भली-भांति जानती है।युवाओं को हमेशा रोजगार, अच्छी शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ा जाए, इसी नीयत के साथ हमारी योगी सरकार ने काम किया है।
सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यालय में जो पोस्टर लगा है, वह अधूरी सच्चाई बता रहा है। यह बात सही है कि योगी सरकार ने अंधेरा दिया है, लेकिन अंधेरा किसको दिया है? भ्रष्टाचारियों के घर में अंधेरा है, उत्पातियों के घर में अंधेरा है, अपराधियों के घर में अंधेरा है, उत्तर प्रदेश का बुरा चाहने वालों के घर में अंधेरा है। जो नौजवानों के हौसलों और उनके सपनों को कुचलना चाहते हैं, उनके घरों में अंधेरा है।
दानिश आजाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आम जनमानस के घर में उजाला है, खुशहाली है, भाईचारा है, समृद्धि है, विकास है, लेकिन यह बात समाजवादी पार्टी को अच्छी नहीं लगती। समाजवादी पार्टी के शासनकाल में अगर अंधेरे और उजाले की बात करें तो दो-चार जनपद छोड़ दीजिए। उत्तर प्रदेश के बाकी हर जनपद की यही कहानी थी।
उन्होंने कहा कि मैं स्वयं पूर्वांचल क्षेत्र से आता हूं। एक हफ्ते दिन में बिजली आती थी, तो अगले हफ्ते रात में बिजली आती थी। दिवाली के समय यह बात करना बहुत जरूरी है। हम सबको याद है, ज़्यादा पीछे नहीं जाना है, सिर्फ दस साल पहले जाइए। 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश में जाइए, तो गांवों में क्या होता था? बिजली आना एक उत्सव माना जाता था। बिजली को एक उत्सव के रूप में देखा जाता था कि बिजली आ गई।
यूपी के मंत्री ने कहा कि आज उसी उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने 23 से 24 घंटे बिजली देने का काम किया है। इसी उत्तर प्रदेश को भ्रष्टाचार और अपराध से मुक्त करने का काम अगर किसी ने किया है तो योगी सरकार ने किया है। इसलिए समाजवादी पार्टी को नकारात्मक चीजें पसंद हैं और प्रदेश की अच्छाई उसे हजम नहीं हो रही है।
–आईएएनएस
केके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



