उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सदर बाजार थाना क्षेत्र में लोहे की सरिया चोरी करने के संदेह में एक व्यक्ति को खंभे से बांधकर पीटा गया। यह जानकारी पुलिस ने शुक्रवार को दी।
एक अधिकारी ने बताया कि सदर बाजार थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित पैरामाउंट कॉलोनी में हुई घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद आरोपी अमित शर्मा को मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 5 दिसंबर की दोपहर की है, जब एक व्यक्ति को कथित तौर पर सरिया चुराते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने कहा कि अमित शर्मा ने युवक को एक खंभे से बांध दिया और कथित तौर पर डंडों से उसकी पिटाई की।
सहारनपुर शहर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए अमित शर्मा के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर हिरासत में लिया गया है। सरिया चोरी करने के आरोपी रहमान के खिलाफ भी चोरी का मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


Download Android App
Download iOS App



