श्रीनगर : कई दिनों तक अपने घर तक सीमित रहने के बाद कश्मीर के लोगों ने शुक्रवार को अपनी नजदीकी मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की। अधिकारियों ने कहा कि नमाज के लिये प्रतिबंधों में ढील दी गई थी।
अधिकारियों ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के सोपोर में पथराव की मामूली घटना को छोड़कर घाटी में शांति रही। जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा हटाए जाने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटे जाने के मद्देनजर घाटी में सुरक्षा के भारी इंतजाम किये गए थे। लोगों को शुक्रवार को करीबी मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिये घरों से निकलने की इजाजत थी।
अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर शहर और दक्षिण कश्मीर में अब तक किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिलने को देखते हुए अभी कश्मीर में स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा, हालांकि सभी इलाकों से खबरें आनी अभी बाकी हैं।
उन्होंने कहा कि यहां से करीब 50 किलोमीटर दूर उत्तरी कश्मीर के सोपोर में पथराव की मामूली घटना की खबर है। यहां पर स्थिति पर तत्काल नियंत्रण पा लिया गया और भीड़ को खदेड़ दिया गया।
कश्मीर में लोगों को स्थानीय मस्जिदों में नमाज अदा करने की इजाजत के मद्देनजर प्रतिबंधों में ढील दी गई थी। लोगों द्वारा संभावित प्रदर्शनों की आशंका के मद्देनजर समूची घाटी में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया था।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल द्वारा अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश देने के बाद प्रतिबंध हटाए गए कि किसी कश्मीरी को परेशान नहीं किया जाए।
अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार से ही यहां मौजूद डोवाल ने शुक्रवार को संवेदनशील इलाकों के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों से बात की थी।
अपने सहयोगियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने ईदगाह इलाके का दौरा किया और विभिन्न स्थानों पर रुककर लोगों से बात की। उन्होंने बाद में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों से बात कर कानून-व्यवस्था बरकरार रखने में उनके शानदार काम के लिये उन्हें बधाई दी।
कुछ और अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर घाटी में संभावित प्रदर्शनों की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
शहर में जगह-जगह बैरीकेड लगाए गए हैं। घाटी में सभी टेलीफोन और इंटरनेट कनेक्शन बंद है। केबल टीवी नेटवर्क के जरिये भी सरकारी दूरदर्शन समेत सिर्फ तीन समाचार चैनल देखे जा सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



