जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कई शहरों में ड्रोन हमलों के बाद सुरक्षा स्थिति गंभीर हो गई है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। भारतीय सेना ने ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया है।
भारत-पाकिस्तान सीमा और एलओसी पर सुरक्षा हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कई शहरों में शुक्रवार रात तेज धमाके हुए। इसे देखते हुए शहरों में ब्लैकआउट कर दिया गया और युद्ध के सायरन बजा दिए गए। लोगों से अपील की गई कि वे बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। बताया जा रहा है कि जम्मू, नौशेरा, सांबा, उरी समेत राजस्थान के पोखरण और पंजाब के पठानकोट में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमले हुए हैं, जिन्हें भारतीय सेना ने नष्ट कर दिया है। जानकारी के अनुसार, जम्मू एयरपोर्ट पर 12 मिनट तक ड्रोन हमले किए गए, लेकिन सुरक्षा बलों ने उसे नाकाम कर दिया। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से जानकारी दी कि शहर में ब्लैकआउट हो गया है और हर ओर सायरनों की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
पाकिस्तान ने 300-400 ड्रोन दागे, भारत ने दिया करारा जवाब: विदेश मंत्रालय
उन्होंने कहा कि वह जिस स्थान पर हैं, वहां से धमाकों की तेज आवाजें, संभवतः भारी गोलाबारी की लगातार सुनाई दे रही हैं। इस संवेदनशील स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे सड़कों पर न निकलें और जहां हैं, वहीं सुरक्षित रहें। उन्होंने विशेष रूप से जम्मू और उसके आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अगले कुछ घंटों तक घर या किसी सुरक्षित स्थान पर ही रहने की सलाह दी है।
उमर अब्दुल्ला ने साथ ही अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर असत्यापित सूचनाएं साझा न करने का आग्रह भी किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि हम सब मिलकर इस स्थिति का सामना करेंगे और इससे बाहर निकलेंगे। इसके अलावा कई सेक्टरों में गोलाबारी भी हो रही है, जिस पर भारतीय सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है। इससे पहले गुरुवार रात को भी पाकिस्तान ने कायराना हरकत करते हुए भारत के कई शहरों पर ड्रोन हमले की कोशिश की थी, जिसे भारतीय सशस्त्र बलों ने विफल कर दिया और पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई की थी।


Download Android App
Download iOS App



