बारामूला के बोनियार इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षा बलों को अब तक चार आतंकियों को मारने में कामयाबी मिली है और उनके पास से चार ए के-47 राइफल भी बरामद हुआ है। सुरक्षाबलों का कहना है कि पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस ने हालांकि इस घटना की पुष्टि नहीं की है क्योंकि मारे गए आतंकवादियों के शव बरामद नहीं हुए हैं। सूत्रों ने यह कहते हुए पुष्टि की कि मुठभेड़ गुरुवार शाम को उरी सेक्टर के बोनियार जंगलों में हुई थी। उन्होंने कहा, इस अभियान में चार आतंकी ढेर हुए हैं? इलाके में खोज अभियान जारी है।
उधर, श्रीनगर में शुक्रवार को अलगाववादियों की ओर से बुलाए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने प्रतिबंध लगा दिया है. नौहट्टा, खानयार, रैनवाड़ी, एमआरगंज, सफा कदाल और मैसूमा में निषेधाज्ञा लागू की गई है। इन जगहों पर भारी पुलिस व केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान तैनात किए गए हैं।
जुमे की नमाज के बाद का यह प्रदर्शन दमन के खिलाफ है। अलगाववादी नेताओं ने मस्जिदों के मौलवियों को अपने उपदेश के दौरान भारत की ज्यादतियों को उजागर करने को कहा है। छात्रों के विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए सभी उच्च माध्यमिक स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखा गया है। कश्मीर यूनिवर्सिटी में भी कक्षाओं को बंद किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



