ओडेन्से : किदाम्बी श्रीकांत ने अपने करियर में दूसरी बार दिग्गज लिन डैन को पराजित करके डेनमार्क ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी जहां उनका सामना हमवतन समीर वर्मा से होगा। विश्व में छठे नंबर के श्रीकांत ने गुरुवार को पुरूष एकल में विश्व में 14वें नंबर के डैन से दूसरे दौर के मैच में पहला गेम गंवाने के बाद वापसी करके 18-21, 21-17, 21-16 से जीत दर्ज की। दो बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और पांच बार के विश्व चैंपियन डैन अब पहले की तरह अजेय नहीं रहे लेकिन अब भी उन्हें दमदार माना जाता है।
श्रीकांत और डैन के बीच यह पांचवां मुकाबला था। चीनी खिलाड़ी ने इन दोनों के बीच रियो ओलंपिक 2016 के क्वार्टर फाइनल में खेला गया मैच जीता था।श्रीकांत ने 2014 चाइना ओपन में डैन को हराकर सनसनी फैला दी थी। चीनी खिलाड़ी के खिलाफ कड़े मैच के बाद श्रीकांत का सामना अब हमवतन वर्मा से होगा।
विश्व में 23वें नंबर के वर्मा ने दूसरे दौर में इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को हराया। साइना नेहवाल भी महिला एकल क्वार्टर फाइनल में नोजोमी ओकुहारा से भिड़ेंगी। महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी का सामना जापान की युकी फुकुशिमा और सयाका हिरोता से होगा।


Download Android App
Download iOS App



