साउथ अफ्रीका ने तीसरे टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 176 रनों से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। इस जीत का असर सिर्फ सीरीज के नतीजे तक लीमिटेड नहीं रहा है, बल्कि इससे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
ऑस्ट्रेलिया की हार के बाद न्यूजीलैंड प्वाइंट्स टेबल में पहले पोज़ीशन पर पहुंच गया है, जबकि साउथ अफ्रीका दूसरे और ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर खिसक गया है। भारतीय टीम फिलहाल चौथे पोज़ीशन पर मौजूद है। ऐसे में कंगारू टीम की हार से भारत की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को नई दिशा जरूर मिली है, लेकिन टीम इंडिया के लिए आगे की राह आसान नहीं होने वाली।
WTC पॉइंट्स टेबल में कहां है टीम इंडिया?

भारतीय टीम इस समय 51.52 प्रतिशत पॉइंट्स (PCT) के साथ चौथे पोज़ीशन पर है। वहीं ऑस्ट्रेलिया 69.23 प्रतिशत पीसीटी के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद है। इसी के साथ न्यूजीलैंड पहले और दक्षिण अफ्रीका दूसरे पोज़ीशन पर काबिज हैं। WTC के मौजूदा साइकल में भारत को अब सिर्फ सात टेस्ट मुकाबले खेलने हैं। इनमें न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज शामिल है। ऐसे में यहां गौर करने वाली बात यह है कि WTC फाइनल में जगह बनाने के लिए प्वाइंट्स टेबल की टॉप दो टीमों को ही क्वालीफाई करना है। ऐसे में भारत को अपने बाकी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करना होगा।
टीम इंडिया कैसे कर सकती है WTC फाइनल के लिए क्वालीफाई?
भारतीय टीम के सामने अब हर मुकाबला बेहद अहम हो गया है। फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए उसे न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने बाकी सातों टेस्ट मैच जीतने होंगे। अगर टीम इंडिया सभी सात मुकाबलों में जीत हासिल करती है, तो उसका पॉइंट्स प्रतिशत बढ़कर 70.37 हो सकता है। इस सिचुएशन में भारत के पास बिना दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर हुए फाइनल में पहुंचने का मजबूत मौका होगा। हालांकि, सात में से एक भी मैच गंवाने पर भारत का समीकरण मुश्किल हो सकता है। छह जीत की सिचुएशन में उसका पीसीटी 64.8 प्रतिशत तक ही पहुंच पाएगा।
सात टेस्ट मैचों में जीत के हिसाब से भारत का पीसीटी

7 जीत: 70.37 प्रतिशत
6 जीत: 64.8 प्रतिशत
5 जीत: 59.25 प्रतिशत
4 जीत: 53.70 प्रतिशत
भारत के लिए अब हर टेस्ट मुकाबला करो या मरो जैसा

साउथ अफ्रीका के हाथों ऑस्ट्रेलिया की हार से WTC पॉइंट्स टेबल में बदलाव जरूर आया है, लेकिन भारतीय टीम को इसका पूरा फायदा उठाने के लिए अपने प्रदर्शन में निरंतरता दिखानी होगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मुकाबलों में भारत को जीत दर्ज करनी होगी। अगर टीम इंडिया सभी सात मैच जीतने में सफल रहती है, तो उसकी फाइनल की राह काफी मजबूत हो जाएगी। ऐसे में अब ये देखना होगा कि भारतीय टीम इस चुनौती पर कितना खरा उतरती है।


Download Android App
Download iOS App




