भारतीय सेना ने “कोरोना मुक्त आवाम” कार्यक्रम के तहत बुधवार को जम्मू-कश्मीर में रामबन जिले के बर्फीले इलाकों में आवश्यक राशन और चिकित्सक किट बांटकर मुख्य धारा से कटे लोगों की सहायता की। राशन किट में लोगों के लिए दाल, चावल, आटा, तेल है जबकि मेडिकल किट में साबुन, फेस मास्क और सेनिटाइजर जैसा मूलभूत सामान है।
उधमपुर स्थित रक्षा मामलों के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल अभिनव नवनीत ने यहां बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए भारतीय सेना ने सेना के कार्यक्रम ‘‘कोरोना मुक्त आवाम’’ के अनुरूप रामबन जिले के सुंबर, दगनरी,बांज, बजोन और मालपट्टी इलाके में रहने वाले 350 परिवारों को आवश्यक राशन सामग्री समेत मेडिकल किट वितरित किया।

उन्होंने बताया कि इस किट में रामबन जिले के दूरदराज और उच्चतर इलाकों में रहने वाले लोगों की दिन-प्रतिदिन की बुनियादी जरूरतें हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इन इलाकों में रहने वाले स्थानीय दुर्गम परिस्थितियों के कारण मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। कोरोना महामारी तथा सड़क संपर्क के अभाव के कारण इन लोगों के लिए जरुरी सामान एकत्र करना भी मुश्किल हो जाता है।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘राशन किट में लोगों के लिए दाल, चावल, आटा, तेल है जबकि मेडिकल किट में साबुन, चेहरे का मास्क और सेनिटाइजर जैसा मूलभूत सामान है। सेना के इस कार्यक्रम का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और इन इलाकों में आवश्यक सामान वितरित करने के लिए सेना का धन्यवाद भी किया।’’ उन्होंने कहा कि सरपंचों और स्थानीय लोगों ने भारतीय सेना का आभार जताया और भविष्य में ऐसे और कार्यक्रमों के लिए भारतीय सेना से आग्रह किया।


Download Android App
Download iOS App



