जम्मू-कश्मीर में लगातार पांचवे दिन सोमवार को एक हजार से अधिक कोविड-19 के नए मरीज सामने आए जिन्हें मिलाकर केंद्र शासित प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 44,570 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि गत 24 घटें में 17 और लोगों की कोरोना वायरस की वजह से मौत हुई है जिन्हें मिलाकर अबतक जम्मू-कश्मीर में 807 लोगों की जान इस महामारी में जा चुकी है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘केंद्र शासित प्रदेश में गत 24 घंटे में 1,013 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। यह लगातार पांचवा दिन है जब 24 घंटे में एक हजार से अधिक मामले सामने आए हैं।’’ उन्होंने बताया कि नये मामलों में 600 संक्रमित जम्मू क्षेत्र के हैं जबकि कश्मीर घाटी में 413 नये कोविड-19 मरीज सामने आए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू जिले में सबसे अधिक 442 नये कोविड-19 मरीज सामने आए हैं जबकि श्रीनगर में 136 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में 11,009 मरीज उपचाराधीन हैं जबकि 32,760 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि गत 24 घंटे में जिन 17 लोगों की मौत हुई है, उनमें सात जम्मू क्षेत्र के थे जबकि 10 कश्मीर घाटी के रहने वाले थे।
बताते चले कि देशभर में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमितों का आंकड़ा 42,04,613 तक पहुंच गया है और 71,642 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 32,50,429 लोग ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



