कश्मीर में आतंकवाद की जड़ें कमजोर, 37 साल में पहली बार नहीं बचा कोई सक्रिय स्थानीय आतंकी

Summary :

जम्मू-कश्मीर में करीब 37 साल बाद सुरक्षा एजेंसियों की जानकारी के अनुसार कोई स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं बचा है। कुलगाम में लतीफ अहमद बट के मारे जाने के बाद यह उपलब्धि मिली। इस साल अब तक 23 आतंकी ढेर किए जा चुके हैं। अब घुसपैठ और नई भर्ती रोकना बड़ी चुनौती है।

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। करीब 37 साल से आतंकवाद का सामना कर रही घाटी में पहली बार सुरक्षा एजेंसियों की जानकारी के अनुसार,  कोई भी स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं बचा है। 18 नवंबर 2026 को कुलगाम के जंगलपोरा में लतीफ अहमद बट के मारे जाने के बाद यह तस्वीर बदली है।   उसे घाटी का आखिरी ज्ञात स्थानीय सक्रिय आतंकी माना जा रहा था।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले करीब डेढ़ महीने पहले बड़गाम के यूसमर्ग इलाके में पाकिस्तानी आतंकी आसिफ फौजी उर्फ मूसा को मार गिराया गया था। इस साल अब तक 23 आतंकियों को ढेर किया जा चुका है, जबकि 2025 में यह आंकड़ा 46 था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, आतंकियों के खिलाफ लगातार चलाए गए अभियानों और स्थानीय स्तर पर उनके नेटवर्क को कमजोर करने से यह सफलता मिली है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी कार्रवाई

अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इसके तहत पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इसके बाद जम्मू-कश्मीर में  आतंकियों और उनके मददगारों के खिलाफ भी अभियान तेज कर दिए गए। सुरक्षा बलों की कार्रवाई से लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों को बड़ा झटका लगा। लेकिन, इन संगठनों ने दोबारा अपना नेटवर्क तैयार करने की कोशिश की। इसके लिए जम्मू संभाग के पहाड़ी इलाकों और कश्मीर घाटी में गतिविधियां बढ़ाने की योजना बनाई गई।

आतंकियों की इन कोशिशों को रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने फरवरी 2026 की शुरुआत में कठुआ के जंगलों में अभियान शुरू किया। 22 फरवरी को ऑपरेशन त्राशी-एक के तहत जैश का आतंकी सैफुल्ला मारा गया। वह करीब पांच साल पहले पाकिस्तान से घुसपैठ करके आया था और कठुआ, ऊधमपुर, डोडा तथा किश्तवाड़ में आतंकी गतिविधियों में शामिल था। इसके बाद 8 जुलाई को शोपियां में लश्कर के स्थानीय आतंकी जाकिर अहमद गनई को मार गिराया गया। वहीं, सितंबर के तीसरे सप्ताह में बड़गाम के अशधार इलाके में पाकिस्तानी आतंकी यासिर मारा गया। कुछ दिनों बाद यूसमर्ग में आसिफ फौजी उर्फ मूसा भी सुरक्षा बलों की कार्रवाई में ढेर हो गया। वह पिछले चार वर्षों से राजौरी-पुंछ से लेकर गुलमर्ग और सोनमर्ग तक सक्रिय था।

आतंकियों की भर्ती रोकने पर भी ध्यान

सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ युवाओं को आतंकी संगठनों में शामिल होने से रोकने पर भी ध्यान दिया। पिछले 10 महीनों में करीब 30 ओवरग्राउंड वर्करों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से हथियार, आतंकी संगठनों के पोस्टर और उनसे जुड़ी किताबें व अन्य सामग्री मिली। इसके अलावा, आतंकी संगठनों के संपर्क में आए किशोरों की काउंसलिंग भी कराई गई, ताकि वे गलत रास्ते पर न जाएं। मिली जानकारी के मुताबिक, इस साल उमर निसार डार नाम का एक युवक आतंकी संगठन में शामिल हुआ था, जिसे सोमवार को मार गिराया गया। वहीं, पिछले साल आतंकी बना लतीफ बट भी अब मारा जा चुका है।

सुरक्षा मामलों के जानकारों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर के इतिहास में यह एक बड़ी उपलब्धि है। इसके पीछे पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल के साथ स्थानीय लोगों का सहयोग भी अहम रहा है।लेकिन, सुरक्षा एजेंसियों के सामने अब इस सफलता को बनाए रखने की चुनौती है। इसके लिए सीमा पार से घुसपैठ रोकना, युवाओं को आतंकवाद से दूर रखना और आतंकियों के नेटवर्क को दोबारा सक्रिय होने से रोकना जरूरी होगा। साथ ही, घाटी में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखना भी एजेंसियों की प्राथमिकता होगी।

यह भी पढ़ें: ‘देश के बहादुर जवानों को सलाम’, कुलगाम मुठभेड़ में लतीफ भट के ढेर होने पर गृहमंत्री अमित शाह ने कहा LeT का आखिरी आतंकी ढेर

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।