अखिलेश के बयान पर बोले उमर अब्दुल्ला- ये किसी पार्टी की नहीं होती, मैं खुशी से लगवाऊंगा वैक्सीन

Summary :

नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कोविड-19 टीके का संबंध किसी राजनीतिक दल से नहीं बल्कि मानवता से है।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा शनिवार को कोरोना वायरस टीके को ”भाजपा का टीका” करार दिये जाने के कुछ ही घंटे बाद नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कोविड-19 टीके का संबंध किसी राजनीतिक दल से नहीं बल्कि मानवता से है।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने ट्विटर पर लिखा, ”मैं किसी और के बारे में तो नहीं कह सकता, लेकिन जब मेरी बारी आएगी तो मैं खुशी-खुशी टीका लगवाउंगा।” नेकां उपाध्यक्ष अब्दुल्ला ने कहा कि जितने ज्यादा लोग टीका लगवाएंगे, देश और अर्थव्यवस्था के लिये उतना ही बेहतर होगा।
उन्होंने ट्वीट किया, ”कोई भी टीका किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं रखता। उनका संबंध मानवता से है। संवेदनशील लोगों को जितना जल्दी टीका लगाया जाए, उतना बेहतर होगा।” वहीं यादव ने लखनऊ में पत्रकारों से कहा, ”भाजपा जो टीका लगवाएगी, मैं उस पर कैसे भरोसा करूं? मैं भाजपा का टीका नहीं लगवा सकता।”

Desk Team