पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए आज जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में स्थित बालकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास भारत की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया जिसमें आज दो सैनिक घायल हो गये।
सेना ने बताया कि सीमा की निगरानी कर रहे सैनिकों ने तुरंत जवाबी कार्वाई की और दोनों पक्षों के बीच करीब 30 मिनट तक गोलीबारी हुई। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने तड़के करीब तीन बजे बालकोट सेक्टर के भीमबेर गली क्षेत्र में एलओसी से सटी अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर गोलीबारी एवं गोलाबारी की, जिसमें दो जवान घायल हो गये।
पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलीबारी एवं गोलाबारी के चलते सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले सैकड़ों लोगों को अपने घर छोडऩे को मजबूर होना पड़ा है और उन्होंने सरकार द्वारा स्थापित शिविरों में शरण ली है।
पाकिस्तान द्वारा संघर्षविराम उल्लंघन की घटनाओं में इस साल तेजी से इजाफा हुआ है। भारतीय सेना के आंकड़ों के अनुसार एक अगस्त तक पाकिस्तानी सेना द्वारा इस तरह के संघर्षविराम उल्लंघन की 285 घटनाएं हुई , जबकि वर्ष 2016 में पूरे साल यह संख्या 228 रही थी।


Download Android App
Download iOS App



