सीमा पर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सोमवार को पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास अग्रिक इलाके में गोलीबारी कर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया।
एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि बिना किसी उकसावे के सीमा पार से छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई और मोर्टार से गोले दागे गए। प्रवक्ता ने बताया कि शाम पांच के करीब सीमा पार से गोलाबारी शुरू हुई। भारतीय सैनिकों ने इसका करारा जवाब दिया है। उन्होंने बताया कि भारत की तरफ किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है। अंतिम खबर मिलने तक दोनों तरफ से गोलीबारी जारी थी।
वहीं, आज जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने इम्प्रोवाइज्ड एक्लप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का पता लगाया। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने आईईडी को निष्क्रिय कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने कहा कि आतंकवादियों द्वारा लगाए गए एक आईईडी का पता पुलिस और सेना ने सोमवार को अल सुबह कुपवाड़ा जिले के अरामपोरा इलाके में लगाया।
पुलिस ने कहा, “बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और सड़क पर यातायात को रोक दिया गया।” इसने आगे कहा, “आईईडी को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया।”आईईडी के बारे में समय पर पता लग गया और निष्क्रिय कर दिया गया, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।


Download Android App
Download iOS App



