कश्मीर में अलगाववादियों के बंद से जनजीवन प्रभावित

Summary :

अलगाववादियों द्वारा बुलाए गए बंद से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। घाटी और संवेदनशील इलाके में सुरक्षा एवं व्यवस्था कड़ी है। सैयद अली शाह गिलानी

कश्मीर घाटी में शुक्रवार को अलगाववादियों द्वारा बुलाए गए बंद से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। घाटी और संवेदनशील इलाके में सुरक्षा एवं व्यवस्था कड़ी है। सैयद अली शाह गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक और यासीन मलिक की अध्यक्षता वाले अलगाववादी समूह संयुक्त प्रतिरोध नेतृत्व (जेआरएल) ने गुरुवार को श्रीनगर में एक नागरिक की हत्या के विरोध में बंद का आह्वान किया है। प्रशासन ने मुहम्मद यासीन मलिक को हिरासत में ले लिया है और उन्हें श्रीनगर में कोठीबाग पुलिस थाने में रखा है।

 श्रीनगर के अधिकांश इलाकों और अन्य स्थानों पर दुकानें, सार्वजनिक वाहन व अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान और शैक्षणिक संस्थान बंद हैं। निजी परिवहन और तिपहिया वाहन हालांकि सड़कों पर नजर आ रहे हैं। सरकारी कार्यालयों, बैंक और डाकघरों में कर्मचारियों की उपस्थिति सार्वजनिक परिवहन की कमी के चलते प्रभावित है। फिलहाल किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

Desk Team