केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के रियासी और साम्बा क्षेत्र में चार स्थानों पर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सांबा में एक रैली के दौरान नेशनल पैंथर्स पार्टी पर निशाना साधा है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने गुपकार गठबंधन को आड़े हाथों लेते हुए कहा, तिरंगे का अपमान करने वाले जनता का सम्मान कभी नहीं कर सकते। जब भ्रष्टाचार की नींव हिलने लगी तो गुपकार गैंग सक्रिय हो गया।
सांबा में स्मृति ईरानी ने नेशनल पैंथर्स पार्टी को गुपकार गैंग की बी टीम बताते हुए कहा, पैंथर्स पार्टी के बयानों से साफ है कि वो गुपकार गैंग की बी टीम है। उन्होंने कहा कि पैंथर्स पार्टी जम्मू में गुपकार गैंग की भूमिका अदा कर रही है। पैंथर्स पार्टी ने गुपकार के एजेंडे को अपना लिया है और यहां जम्मू क्षेत्र के अस्तित्व को नुकसान पहुंचाने में जुट गई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पैंथर्स पार्टी के सीनियर नेता गुपकार गैंग के नेताओं के साथ चाय पीते हैं।
केंद्रीय मंत्री ईरानी ने आगे कहा, कुछ लोगों ने भारत के संविधान और संसद को चुनौती देते हुए कहा कि यदि अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया गया तो रक्तपात होगा। उन्हें शायद लोगों की ताकत का एहसास नहीं था। सालों से लोग एकजुट भारत को देखने का इंतजार कर रहे थे।
केंद्र ने जम्मू-कश्मीर में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। एम्स के निर्माण के साथ ही आईआईटी, पुल व सड़कों का जाल तेजी से बिछ रहा है। विकास का नया सवेरा देखने के लिए प्रदेश की जनता उत्साहित है। जम्मू-कश्मीर पर कई वर्षो तक राज करने वाले परिवारों ने सिर्फ अपनी तिजोरिया भरीं। पंचायती राज को मजबूत करने के लिए कभी भी जम्मू-कश्मीर में राज करने वाले परिवारों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि जब इनकी भ्रष्टाचार की गाड़ी बंद हो गई तो गुपकार गैंग इकट्ठा हो गया। जम्मू-कश्मीर की जनता अब गुपकार गैंग के बहकावे में नहीं आने वाली है।
स्मृति ईरानी का यह दौरान केंद्र शासित प्रदेश में चल रहे डीडीसी चुनाव के दौरान हुआ है। उन्होंने बीजेपी की तारीफ करते हुए डीडीसी चुनाव में पार्टी को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल बीजेपी ही ऐसी पार्टी है जो विकास और सुरक्षा के बारे में सोचती है। बीजेपी ही देश को आंतरिक और बाहरी ताकतों से सुरक्षित रखती है।


Download Android App
Download iOS App



