आतंकवादियों के साथ पकड़े गये जम्मू कश्मीर के निलंबित पुलिस उपाधीक्षक दविंदर सिंह से जुड़े एक मामले के सिलसिले में सुरक्षा एजेंसियों ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
अधिकारियों ने बुधवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि एक आतंकवादी के रिश्तेदार इरफान मुश्ताक को सिंह के साथ गिरफ्तार किया गया था और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम उनसे पूछताछ कर रही है।
मामले की जांच अपने हाथ में लेने वाली एनआईए इन चारों-सिंह, प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हिज्बुल मुजाहिद्दीन के तथाकथित कमांडर नावेद मुश्ताक उर्फ बाबा, उसके साथियों आसिफ तथा इरफान मीर को यहां ट्रांजिट रिमांड पर लाई है।
उन्हें बृहस्पतिवार को एक अदालत के समक्ष पेश किया जायेगा।
इन चारों को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड के निकट 18 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था।
इसके बाद सिंह को निलंबित कर दिया गया था। उसके आवास पर की गई छापेमारी में दो पिस्तौल, एक एके राइफल और काफी गोला बारूद बरामद किया गया था।
मामला दर्ज किये जाने के बाद एनआईए ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम पुलिस थाने में बंद सिंह और अन्य से पूछताछ के लिए एक टीम को भेजा है।


Download Android App
Download iOS App



