श्रीनगर आतंकी हमले में तीसरा जवान शहीद, पुंछ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को किया ढेर

Summary :

आतंकवादियों ने संसद पर हुए हमले की 20वीं बरसी पर सोमवार को श्रीनगर के बाहरी हिस्से में जम्मू-कश्मीर पुलिस की बस पर गोलीबारी की, जिसमें तीसरा जवान भी मंगलवार को शहीद हो गया

आतंकवादियों ने संसद पर हुए हमले की 20वीं बरसी पर सोमवार को श्रीनगर के बाहरी हिस्से में जम्मू-कश्मीर पुलिस की बस पर गोलीबारी की, जिसमें तीसरा जवान भी मंगलवार को शहीद हो गया और 11 अन्य घायल है। इनमे भी तीन लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम पंथा चौक क्षेत्र के जेवान में 25 पुलिसकर्मियों को ले जा रही बस पर आतंवादियों ने गोलीबारी की। जान गंवाने वालों में सशस्त्र पुलिस का एक सहायक उप-निरीक्षक भी शामिल है। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने बताया कि इस हमले में दो से तीन आतंकवादी शामिल थे और अंधेरे का फायदा उठाकर वे फरार हो गए।अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में सभी पांचों आतंकवादियों को मार गिराया था
अभी तक किसी भी आतंकवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। आतंकवादियों ने 13 दिसंबर 2001 को संसद भवन पर हमला किया था, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में सभी पांचों आतंकवादियों को मार गिराया था।
पुंछ में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया
पुंछ जिले में आज सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया।अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों को पुंछ के सुरनकोट इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी जिसके बाद उन्होंने इलाके की घेराबंदी की तथा तलाश अभियान चलाया।
अंतिम रिपोर्ट मिलने तक मुठभेड़ जारी थी 
उन्होंने बताया कि अभियान उस समय मुठभेड़ में बदल गया जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया।सेना के एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक मुठभेड़ स्थल से मारे गए आतंकवादी का शव बरामद नहीं किया गया है।अंतिम रिपोर्ट मिलने तक मुठभेड़ जारी थी और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

Desk Team