Toxic Relationship se bahar kaise nikle: टॉक्सिक रिश्ता बन गया है गले की फांस? इन आसान 5 तरीकों से पाएं आज़ादी

Summary :

इस आर्टिकल में बताया गया है कि टॉक्सिक रिश्ते मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक होते हैं, जो व्यक्ति का आत्मविश्वास और आत्म-सम्मान खत्म कर देते हैं। इनसे निकलना मुश्किल होता है, लेकिन ज़रूरी है। लेख में टॉक्सिक रिलेशनशिप से बाहर निकलने के 5 आसान तरीके बताए गए हैं।

Toxic Relationship se bahar kaise nikle: किसी के साथ रिश्ता शुरू करना तो आसान होता है, लेकिन उससे बाहर निकलना काफी कठिन हो जाता है। एक टॉक्सिक रिश्ता इंसान को अंदर से धीरे-धीरे तोड़ देता है। ऐसे रिश्ते में प्यार कम और झगड़े, डर, बेवजह का दोष और कंट्रोल ज्यादा होता है। ऐसा रिश्ता हमारे मेंटल और इमोशनल हेल्थ के लिए नुकसानदायक होता है। लगातार निगेटिव बातें सुनने से इंसान का कॉन्फिडेंस और सेल्फ रिस्पेक्ट खत्म हो जाता है। ऐसा रिश्ता सिर्फ मन को ही नहीं, शरीर को भी बीमार बना देता है। कई बार हमें पता होता है कि कोई रिश्ता हमें दुख पहुंचा रहा है, फिर भी हम उसे छोड़ने की हिम्मत नहीं कर पाते। अगर आप भी किसी टॉक्सिक रिश्ते से बाहर निकलना चाहते हैं, तो यहां इससे निकलने के 5 आसान तरीके दिए गए हैं।

टॉक्सिक रिलेशनशिप से बाहर निकलने के 5 तरीके

Toxic Relationship se bahar kaise nikle
Toxic Relationship se bahar kaise nikle (Magnific)

1. सबसे पहले सच को स्वीकार करें

सबसे मुश्किल काम यह मानना होता है कि आप एक टॉक्सिक रिश्ते में हैं। लोग अक्सर यह सोचकर खुद को बहलाते हैं कि “शायद गलती मेरी ही है” या “आगे सब ठीक हो जाएगा”। जब तक आप यह नहीं मानेंगे कि यह रिश्ता आपको नुकसान पहुंचा रहा है, तब तक आप इससे बाहर नहीं निकल सकते। खुद से पूछिए- “क्या मैं इस रिश्ते में खुश हूं?” अगर जवाब ‘नहीं’ है, तो समझिए आपने पहला कदम बढ़ा लिया है।

2. बातचीत कम करें

बातचीत कम करने का मतलब यह नहीं है कि बिल्कुल ही बात बंद कर दी जाए। कई बार पूरी तरह कॉन्टैक्ट तोड़ना संभव नहीं होता। लेकिन जब आपको समझ आ जाए कि सामने वाले इंसान का आप पर बुरा असर पड़ रहा है, तो आप यह तय कर सकते हैं कि आपको उसके साथ कितना समय बिताना है।

3.अपनों का सहारा लें

इस मुश्किल वक्त में आपको अकेले रहने के बजाय किसी भरोसेमंद दोस्त या परिवार के सदस्य से अपनी बात कहें। हो सकता है कि वे आपको सही सलाह और हिम्मत दें। जब कोई आपका साथ देने वाला होता है, तो रास्ता काफी आसान हो जाता है।

4. खुद से प्यार करें और सेल्फ-केयर पर ध्यान दें

जब आप किसी टॉक्सिक रिश्ते में होते हैं, तो अक्सर अपनी जरूरतों और खुशी को भूल जाते हैं। इससे बाहर निकलने के लिए खुद पर ध्यान देना शुरू करें। अपनी पसंद की चीजें करें, अच्छी डाइट लें, योग या मेडिटेशन करें और अपनी हॉबीज को समय दें। जब आप खुद को वैल्यू देने लगेंगे, तो आपका खोया हुआ कॉन्फिडेंस वापस आने लगेगा और रिश्ते को छोड़ने का फैसला आसान हो जाएगा।

5. थेरेपिस्ट या काउंसलर की मदद लें

कई बार अपने दम पर या सिर्फ अपनों से बात करके इस मानसिक दबाव से निकलना बहुत मुश्किल हो जाता है। ऐसे में किसी रिलेशनशिप काउंसलर या थेरेपिस्ट से सलाह लेना बहुत मददगार साबित होता है। वे आपकी बात सुनते हैं और आपको इस सिचुएशन से बाहर निकलने के लिए सही गाइडेंस देते हैं।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।