Parliament Winter Session Day 15 LIVE: जी राम जी बिल को लेकर विपक्ष ने किया हंगामा, सिर्फ 3 मिनट चली लोकसभा, दोनों सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

Summary :

Parliament Winter Session Day 15 LIVE: संसद के शीतकालीन सत्र का आज 15वां और अंतिम दिन है। कार्यवाही दोबारा शुरू होने के कुछ ही समय बाद लोकसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा ने भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने से पहले सदन में प्रस्ताव रखने की प्रक्रिया पूरी की। इसी के साथ संसद का शीतकालीन सत्र समाप्त हो गया, जो वाद-विवाद और विरोध प्रदर्शनों से भरा रहा। विपक्षी नेताओं ने गुरुवार की रात संसद परिसर में 12 घंटे का धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने एमजीएनआरईजीए ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम को प्रतिस्थापित करने वाले वीबी-जी राम जी विधेयक के पारित…

Parliament Winter Session Day 15 LIVE: संसद के शीतकालीन सत्र का आज 15वां और अंतिम दिन है। कार्यवाही दोबारा शुरू होने के कुछ ही समय बाद लोकसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा ने भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने से पहले सदन में प्रस्ताव रखने की प्रक्रिया पूरी की।

इसी के साथ संसद का शीतकालीन सत्र समाप्त हो गया, जो वाद-विवाद और विरोध प्रदर्शनों से भरा रहा। विपक्षी नेताओं ने गुरुवार की रात संसद परिसर में 12 घंटे का धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने एमजीएनआरईजीए ग्रामीण रोजगार कार्यक्रम को प्रतिस्थापित करने वाले वीबी-जी राम जी विधेयक के पारित होने का विरोध किया और कहा कि वे देश भर में सड़कों पर उतरेंगे।

सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई, विपक्षी सदस्यों ने जी राम जी बिल को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी सदस्य वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। स्पीकर ओम बिरला ने हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू कराई। स्पीकर ने विपक्षी सदस्यों से अपनी सीट पर लौटने की अपील भी की, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद स्पीकर ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का ऐलान कर दिया।

यहां पढ़ें पल-पल के LIVE अपडेट्स-

This Live Blog has Ended

VB-G RAM G बिल के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन

December 19, 2025 3:44 pm

विपक्षी सांसद TMC के 12 घंटे के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए, जो संसद से पास हुए VB-G RAM G बिल 2025 के खिलाफ था।

महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार भाग खड़ी हुई-सांसद प्रमोद तिवारी

December 19, 2025 2:09 pm

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने संसद शीतकालीन सत्र 2025 की समाप्ति पर कहा, "जो हमारे मुद्दे थे उन पर चर्चा नहीं हुआ। आज प्रदूषण से बड़ा क्या मुद्दा है? लेकिन उस पर चर्चा नहीं हुई।लाल किले के पास हुए ब्लास्ट पर मैंने नोटिस दिया था लेकिन उस पर चर्चा नहीं हुई।महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार भाग खड़ी हुई, हम देख रहे हैं कि न किसान की, न मजदूर की, न शिक्षक की और न ही आम आदमी के सामने बढ़ते संकट, आतंकवाद के विषयों पर चर्चा हुई।"

हम सड़क पर भी मजदूरों के अधिकारों के लिए लड़ेंगे- सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा

December 19, 2025 1:25 pm

VB-G RAM G बिल 2025 पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "भाजपा की कार्यशैली केवल नाम की रही है, काम की नहीं। ये बात उन्होंने दोबारा साबित कर दी। लगातार उन्होंने कांग्रेस-UPA के समय में रही योजनाओं का नामकरण करने का काम किया है... लेकिन अब मनरेगा में महात्मा गांधी तक के नाम को योजना से हटाया गया। ये योजना हमारे देश के गरीब और मजदूरों के लिए बहुत बड़ी योजना मानी जाती थी। नाम बदलने के साथ-साथ इस योजना से व्यापक कटौती करना, एक तरह से इस योजना को समाप्त करने की साजिश करना है। हमने संसद में भी अपनी आपत्ति दर्ज की और हम सड़क पर भी मजदूरों के अधिकारों के लिए लड़ेंगे।"

बापू के आदर्शों पर ये लोग चल नहीं पाएंगे- केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

December 19, 2025 1:24 pm

VB-G RAM G बिल 2025 को लेकर विपक्ष के विरोध पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "जो लोग बापू के नाम पर राजनीति कर रहे हैं पहले उन्हें समझना चाहिए की बापू के आदर्श क्या हैं... आपके सांसद सदन में कागज फेंकने का काम करें बापू के आदर्शों में इस तरह की बातें नहीं सिखाई गई थी... लोकतंत्र में आक्रोश दर्ज कराने का पूरा मौका दिया जाता है और दिया भी गया है... 'हे राम' करते-करते महात्मा गांधी ने अपनी अंतिम सांस ली और आपको राम के नाम पर आपत्ति है? जिस दिन विपक्ष और TMC के नेता बापू के नाम पर नहीं बल्कि उनके काम पर ध्यान देने का काम करेंगे तो संभवत: बापू के आदर्शों पर ये लोग चल पाएंगे नहीं तो ये केवल उनके नाम पर राजनीति करते रहेंगे।"

जो इनका मन है वो कर रहे हैं- सपा सांसद जया बच्चन

December 19, 2025 1:22 pm

VB-G RAM G बिल 2025 पर सपा सांसद जया बच्चन ने कहा, "पहली बार ऐसा हो रहा है कि विपक्ष के लोगों के साथ बातचीत नहीं होती और जो इनका मन है वो कर रहे हैं..." प्रदूषण के विषय पर उन्होंने कहा, "वे इस पर बात नहीं करना चाहते हैं क्योंकि यह जरूरी मुद्दा है, ये सही मुद्दे हैं। इससे देश के लोगों को तकलीफ हो रही है। अस्पतालों में वेंटिलेटर्स नहीं हैं, सांस लेने वाली मशीनें नहीं हैं लेकिन कौन इस पर चर्चा करेगा?"

VB-G RAM G बिल को लेकर मनोज तिवारी ने विपक्ष पर साधा निशाना

December 19, 2025 1:21 pm

VB-G RAM G बिल 2025 पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "ये लोग गांधी जी के नाम को तो चुराना जानते हैं, लेकिन गांधी जी जो चाहते थे वो नहीं करेंगे। गांधी जी चाहते थे विकसित भारत हो, जो भी हमारे देश का व्यक्ति है सभी को काम मिले। आज गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन की व्यवस्था हुई है। विकसित भारत से किसे परहेज होगा? 100 दिन की जगह 125 दिन तक रोजगार की गारंटी दी जा रही है... लेकिन इन(विपक्ष) लोगों को ये कौन बताए कि गांधी जी गरीबों के घर निर्माण में जिंदा हैं, गरीबों के रोजगार में जिंदा हैं..."

गरीब लोगों के लिए नुकसानदायक होने वाला है ये बिल- सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा

December 19, 2025 1:19 pm

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "यह बिल गरीब लोगों के लिए बहुत नुकसानदायक होने वाला है, क्योंकि मूल MGNREGA योजना को जिस तरह से बनाया गया था - उसमें केंद्र सरकार 90% कोष देती थी, वह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ थी और बहुत गरीब लोगों के लिए सबसे बड़ा सहारा थी, जिन्हें रोज़गार मिलने में मुश्किल होती थी। 20 सालों से, यह उन अच्छी योजनाओं में से एक रही है जो चली हैं और गरीब लोगों की मदद की है, खासकर उन लोगों की जिनके पास कुछ नहीं है। अब, बिल के इस नए रूप में, जब आप केंद्र से मिलने वाले कोष में इतनी कटौती करेंगे, तो राज्य सरकारें इसे वहन नहीं कर पाएंगी। इसका मतलब है कि यह स्कीम खत्म हो जाएगी और यह बहुत नुकसानदायक होगा।"

हम इसके खिलाफ हैं- एससीपी सांसद फौजिया खान

December 19, 2025 1:17 pm

VB-G RAM G बिल 2025 पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एससीपी) सांसद फौजिया खान ने कहा, "हमारी आपत्ति यही है कि जो मजदूरों के फायदे की योजना थी उसे हटाने की क्या आवश्यकता थी? क्योंकि मजदूरों को केंद्र से 90% और राज्यों से 10% का शेयर मिलता था जिसे अब उन्होंने राज्यों पर 40% के अनुपात में डाल दिया है। राज्यों की आर्थिक परिस्थिति ही ऐसी नहीं है कि वे इतना पैसा दे पाएं। इसका मतलब ये योजना बंद हो जाएगी और इस योजना का जो फायदा आज तक मजदूरों को मिला वो नहीं होगा और इसलिए हम इसके खिलाफ हैं... राष्ट्रपिता का नाम यदि आप हटा देते हैं तो ये भी ठीक नहीं है... इस योजना का भ्रष्टाचार हो रहा है और फिर भी यदि आप राम जी का नाम ले रहे हैं तो ये तो बहुत शर्म की बात है..."

कृषि कानूनों की तरह इसे भी वापस लेना होगा- सांसद मनोज कुमार झा

December 19, 2025 1:15 pm

VB-G RAM G बिल 2025 पर राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, "...अधिकार की पूरी भावना का कत्ल हो गया है... सड़कों को मौन करना मुश्किल होता है, संसद को आप मौन कर सकते हैं लेकिन सड़क मौन नहीं होती है। प्रतिरोध होता है और आपको कृषि कानूनों की तरह इसे भी वापस लेना होगा।"

विपक्ष की भूमिका शर्मनाक- VB-G-RAM-G योजना पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

December 18, 2025 2:56 pm

लोकसभा में VB-G-RAM-G बिल पास होने पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "VB-G-RAM-G योजना देश के गांवों को मज़बूत करने की सोच के साथ लाई गई है। महात्मा गांधी ने कहा था कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है। उन गांवों को मज़बूत करने की सोच से यह योजना लाई गई है। मुझे लगता है कि इस बिल को पास करते समय विपक्ष ने जो भूमिका निभाई, वह शर्मनाक है.. विरोध करें, आपको इसका अधिकार है। लेकिन मर्यादा को ध्वस्त करके अपनी सोच को आगे बढ़ाना स्वीकार्य नहीं हो सकता."

बहुत ही महत्वपूर्ण विधेयक- मनरेगा का नाम बदले जाने पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर

December 18, 2025 2:54 pm

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) विधेयक, 2025 पर कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभार प्रकट करता हूं कि गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) विकसित भारत के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण विधेयक है जिसे लोकसभा में लाया गया. मैं कांग्रेस से सवाल पूछता हूं कि 1980 से ही इसी प्रकार की योजनाएं चल रही हैं. तब तक तो कांग्रेस को महात्मा गांधी याद नहीं आए, 2009 में आए। गरीब को अगर आज लाभ मिल रहा है, 100 दिनों की जगह 125 दिन रोजगार मिल रहा है, दिहाड़ी बढ़ा कर मिल रही है, जो लूट-खसूट होती थी उस पर रोग मोदी सरकार ने लगाई. ये सारी सफाई मोदी सरकार ने पहले मनरोगा में करवाई और आज हम एक बेहतर योजना लेकर आए हैं। ये मोदी सरकार के संकल्प को दिखाता है. "

संसद में भारी हंगामे के बीच पारित हुआ VB-G Ram G विधेयक, AAP सांसद संजय सिंह बोले-वापस ले बिल

December 18, 2025 2:51 pm

संसद में भारी हंगामे के बीच पारित हुआ VB-G Ram G विधेयक, AAP सांसद संजय सिंह बोले-वापस ले बिल

मनरेगा का नाम बदले जाने पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी - ध्रुवीकरण की राजनीति के कारण से बदला गया नाम

December 18, 2025 2:15 pm

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) विधेयक, 2025 पर कहा, "बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बात है। महात्मा गांधी, बापू जिन्होंने भारत के आजादी के संग्राम का नेतृत्व किया, उनके नाम पर बहुत ही सफल योजना को विचारात्मक और ध्रुवीकरण की राजनीति के कारण से बदला गया उससे बड़ा अपराध और कोई नहीं हो सकता। इसकी जितनी निंदा करनी चाहिए वह कम है। अभी भी समय है। अभी विधेयक राज्यसभा में जाएगा। इस पर विचार करके, इस योजना के नाम को मनरेगा ही रखा जाए."

मनरेगा का नाम बदले जाने पर मनोज तिवारी का रिएक्शन- गारंटी के साथ रोजगार और आजीविका देने की तैयारी हो रही

December 18, 2025 2:13 pm

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) विधेयक, 2025 पर विपक्ष के विरोध पर कहा, "ये लोग गांधी जी के विचारों को नहीं मानते हैं, गांधी जी के सपनों को फलते-फूलते नहीं देखना चाहते हैं। आज मोदी सरकार ने जो ग्रामीण लोगों को 100 दिन के रोजगार की गारंटी दी जाती थी उसे 125 दिन कर दिया. अब गारंटी के साथ रोजगार और आजीविका देने की तैयारी हो रही है. विकसित भारत के लिए गांधी जी के सपने को सजाना है फिर भी ये लोग विरोध करते हैं."

VB–G RAM G बिल पर कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन -सरकार षड्यंत्र कर रही

December 18, 2025 2:10 pm

कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने कहा, "हमारा मुख्य विरोध है कि आपने इस योजना के तहत 60-40 प्रतिशत का अनुपात कर दिया है जिसमें 40% पैसा अब राज्य को देना पड़ेगा जबकि इस योजना के तहत 90% पैसा केंद्र सरकार देती थी। कांग्रेस जब ये योजना 2006 में लाई तो हमारा उद्देश्य था कि गरीब प्रदेश के लोगों को पलायन से रोका जाए लेकिन यदि कोई प्रदेश गरीब है तो वो 40% पैसा कहां से लेकर आएगा? सरकार षड्यंत्र कर रही है कि इस योजना को खत्म कर दिया जाए. 60-40% के अनुपात के कारण गरीब प्रदेशों में आपकी ये योजना ही बंद हो जाएगी।"

VB–G RAM G बिल पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन- राम जी के नाम पर ऐतराज़ क्या है

December 18, 2025 2:09 pm

VB–G RAM G बिल पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा, "राम जी के नाम पर ऐतराज़ क्या है? महात्मा गांधी ने भी अंतिम शब्द 'हे राम' बोला था। कांग्रेस तो राम जी को काल्पनिक मानती है। राम के नाम से इतना बैर मत करो.

Parliament Winter Session Day 14 LIVE: लोकसभा में VB-G Ram G विधेयक पर हंगामा, विपक्षी दलों ने कागजात फाड़कर उछाले

December 18, 2025 1:32 pm

लोकसभा में VB-G Ram G विधेयक पर हंगामा, विपक्षी दलों ने कागजात फाड़कर उछाले

वीबी-जी राम जी बिल AAP सांसद संजय- सरकार को इस बिल को भी वापस लेना होगा

December 18, 2025 1:31 pm

वीबी-जी राम जी' बिल AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "यह बहुत बड़ा विश्वासघात है और मैं सरकार को आगाह करना चाहता हूं कि जैसे आपने तीनों किसानों के काले कानूनों को वापस लिया वैसे ही आपको इस बिल को भी वापस लेना होगा। देश भर में इसके खिलाफ आंदोलन होगा. इस बिल के नाम के पीछे आप अपना अपराध छिपाना चाहते हैं. पूरे साल में औसतन 50 दिन का भी काम इस देश के मजदूरों को नहीं मिल रहा है लेकिन उस पर आप बातचीत नहीं करेंगे। आपने इस योजना में राज्य सरकार की जिम्मेदारी 40% रख दी। जो राज्य सरकारें पहले से ही घाटे में हैं वे इसे चलाने के लिए पैसे कैसे देंगी? कुल मिलाकर जो मनरेगा योजना थी, जो देश के मजदूरों के लिए बहुत बड़ा सहारा थी उसे पूरी तरह से मारने का काम किया गया है। हम संसद में इसका खूब विरोध करेंगे."

मनरेगा का नाम बदले जाने पर दिग्विजय सिंह का रिएक्शन

December 18, 2025 1:06 pm

कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने मनरेगा का नाम 'विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)' किए जाने पर कहा, "यह बहुत ही हीन भावना के साथ लिया गया निर्णय है और महात्मा गांधी का अपमान है।"

Parliament Winter Session Day 14 LIVE: मनरेगा का नाम VB-G राम जी करने पर लोकसभा में बोले शिवराज सिंह

December 18, 2025 1:04 pm

'हमारे विचार संकीर्ण और सीमित नहीं', मनरेगा का नाम VB-G राम जी करने पर लोकसभा में बोले शिवराज सिंह

MGNREGA का नाम बदलने पर विपक्षी दलों का प्रदर्शन जारी

December 18, 2025 12:17 pm

विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में MGNREGA का नाम बदलकर 'विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)' किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया।

कंगना रनौत ने मनरेगा का नाम विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) किए जाने पर कहा

December 18, 2025 12:15 pm

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने मनरेगा का नाम 'विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)' किए जाने को लेकर कांग्रेस के विरोध पर कहा, "तरह से संसद को बाधित किया जा रहा है जो सभी के लिए असुविधा की स्थिति बनी हुई है. पहले भी कई योजनाओं के नाम बदले गए हैं. कांग्रेस ने खुद अपनी योजनाओं के नाम बदले हैं। समय बदलने के साथ योजनाओं में सुधार लाए जाते हैं और उनमें नवीनता लाने के प्रभाव से सरकार इस तरह के काम करती है."

Parliament Winter Session Day 14 LIVE: संसद आज दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण पर चर्चा की तैयारी कर रही है; जी-राम-जी बिल राज्यसभा में पेश किया जा सकता है

December 18, 2025 12:07 pm

आज संसद में दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर चर्चा होने वाली है। लोकसभा में, केरल के वायनाड निर्वाचन क्षेत्र से चुनी गईं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, प्रदूषण से पैदा हुई खतरनाक स्थिति पर चर्चा करेंगी। राज्यसभा में, विकसित भारत जी-राम-जी बिल पेश किए जाने की संभावना है, जिसमें महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MNREGA) का नाम बदलने का प्रस्ताव है।

Parliament Winter Session Day 14 LIVE: दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हुई, लोकसभा में प्रश्नकाल

December 18, 2025 12:07 pm

दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हुई, लोकसभा में प्रश्नकाल।

इतनी महत्वपूर्ण चर्चा हो रही है और राहुल गांधी जर्मनी में हैं- संबित पात्रा

December 17, 2025 4:29 pm

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, "नेता प्रतिपक्ष का एक बहुत महत्वपूर्ण दायित्व होता है। नेता प्रतिपक्ष को बहुत जिम्मेदारी के साथ व्यवहार रखना होता है विशेष तौर पर तब जब नेता प्रतिपक्ष विदेश की भूमि पर हो। यहां सदन में इतनी महत्वपूर्ण चर्चा हो रही है और राहुल गांधी जर्मनी में हैं... राहुल गांधी ने कहा है कि भारत में मैन्युफैक्चरिंग खराब है... वे भारत के विरोध में बोलते हैं... वे जब भी बाहर जाते हैं तो सदन और भारत का अपमान करते हैं..."

सरकार के पास एक मिनट भी नहीं है प्रदूषण पर चर्चा करने का- सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा

December 17, 2025 2:31 pm

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "मैंने पूरे देश और देश की सरकार का ध्यान वायु प्रदूषण की ओर आकर्षित करने के लिए मास्क लगाया था। शीतकालीन सत्र अब समापन की ओर बढ़ा है लेकिन सरकार को एक मिनट भी नहीं मिला वायु प्रदूषण पर चर्चा करने का। इस देश की समस्याओं की चर्चा इस सदन में नहीं होगी तो कहां होगी? एक योजना देश के सामने आनी चाहिए कि प्रदूषण का रोकथाम कैसे किया जाएगा। दीर्घकालीन रोडमैप बनाकर योजनाबद्ध तरीके से इसका समाधान हो, उसकी चर्चा सदन में करवानी चाहिए जो सरकार को करना चाहिए था। यह दिल्ली सरकार का विषय नहीं है ये विषय केंद्र सरकार के अंतर्गत है और सभी प्रदेश इससे प्रभावित हैं।"

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने SHANTI बिल का किया विरोध

December 17, 2025 2:28 pm

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने बुधवार को लोकसभा में न्यूक्लियर पॉवर से जुड़ा 'SHANTI' बिल का विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह दो मौजूदा कानूनों की जगह लाया गया है।

आपको राम के नाम से क्या परेशानी है- शांभवी चौधरी का कांग्रेस से सवाल

December 17, 2025 1:38 pm

LJP (रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने मनरेगा का नाम बदलने के विवाद पर कहा, "सबसे पहले तो ये गांधी जी का ही विचार था कि राम राज्य स्थापित होना चाहिए, हमारे ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाना चाहिए, विकसित बनाना चाहिए... नए बिल में काम के दिनों को भी बढ़ाया जा रहा है और आजीविका की संभावनाओं को भी बढ़ाया जा रहा है... हम विपक्ष से पूछना चाहते हैं कि आपको राम के नाम से क्या परेशानी है?... मनरेगा एक ऐसा बिल है जिसे उस समय पर सभी ने स्वीकार किया था। आज जब ग्रामीण क्षेत्र को सशक्त करने की बात आती है तो तब आपको क्यों तकलीफ हो रही है?"

केवल नाम बदलकर दूसरी चीज का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं- सांसद अफजल अंसारी

December 17, 2025 1:03 pm

समाजवादी पार्टी सांसद अफजल अंसारी ने MGNREGA का नाम बदलने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन पर कहा, "जब पीएम मोदी की सरकार आई तो पहले तो उन्होंने इस योजना का ही मजाक उड़ाया। उनकी मंशा ही नहीं है कि ये योजना चले... यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी इस मनरेगा का नाम बदला जा रहा है... आप खुद तो कुछ नहीं कर पा रहे हैं, केवल नाम बदलकर दूसरी चीज का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं... निश्चित रूप से इस योजना को बंद करने, प्रभावित करने और क्षति पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर गरीबों को रोजी-रोटी से जोड़ रही थी'

पार्टी रह नहीं गई केवल परिवार ही बचा है- रवनीत सिंह बिट्टू

December 17, 2025 12:13 pm

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने MGNREGA का नाम बदलने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन पर कहा, "हर जगह इंदिरा गांधी, राजीव गांधी के नाम के अलावा किसी अन्य नाम को वे(कांग्रेस) देखना ही नहीं चाहते हैं। उन्हें चिंता है कि उनका 'गांधी' उपनाम ही कायम रहे। अन्य किसी के बारे में वे चिंता नहीं करते, न महात्मा गांधी और न ही किसी अन्य की। ये उनकी खुद की लड़ाई है। वह(कांग्रेस) पार्टी रह नहीं गई केवल परिवार ही बचा है। जहां तक मनरेगा और महात्मा गांधी की बात है तो महात्मा गांधी सभी के हैं, उनके अकेले के नहीं हैं।"

स्वाभाविक रूप से विरोध होगा- केसी वेणुगोपाल

December 17, 2025 12:11 pm

कांग्रेस सांसद के. सी. वेणुगोपाल ने MGNREGA का नाम बदलने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन पर कहा, "स्वाभाविक रूप से विरोध होगा... हमारे मज़दूर इस मुद्दे पर पिछले कई सालों से पूरी तरह से जागरूक हैं, अब सच्चाई सामने आ गई है। निश्चित रूप से हम इसे सड़कों पर लेकर आएंगे।"

कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर बोले भाजपा सांसद

December 17, 2025 12:10 pm

भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने को लेकर आज कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर कहा, "हार की हताशा के कारण कांग्रेस के पास कोई मुद्दे बचे नहीं हैं। विकसित भारत का संकल्प देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिया है और उसी कारण 'विकसित भारत- जी-राम-जी' का नाम दिया गया है जिसमें एक बड़ा सुधार भी किया गया है। ये प्रलाप और विलाप कांग्रेस पार्टी की हताशा और निराशा को दर्शाता है।"

कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने महात्मा गांधी के नाम के पीछे का गांधी फर्जी रूप से अपने नाम के आगे लगाया, वे महात्मा गांधी के बारे में बात करते हैं?"

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।