Delhi News : राजधानी दिल्ली को साफ-सुथरा और स्वस्थ बनाने के लिए आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (MoHUA) ने एक अहम पहल की है। मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ कैपिटल डेवलपमेंट ने स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के सहयोग से ‘स्वच्छ दिल्ली के लिए एक साझा रोडमैप’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की। इसमें सफाई कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक ने हिस्सा लिया और दिल्ली की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की। कार्यशाला में MoHUA के डिपार्टमेंट ऑफ कैपिटल डेवलपमेंट की सचिव डी. थारा के अलावा NDMC, MCD, DDA और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसका मुख्य उद्देश्य दिल्ली में सफाई से जुड़ी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए मिलकर काम करने की योजना तैयार करना था।
सफाई कर्मचारियों से भी मांगे गए सुझाव
इस कार्यशाला की खास बात यह रही कि पहली बार वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सफाई निरीक्षकों, सुपरवाइजरों और सफाई कर्मचारियों को भी एक मंच पर लाया गया। सफाई कर्मचारी रोजाना सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर काम करते हैं। ऐसे में उन्हें जमीनी स्तर पर आने वाली परेशानियों की अच्छी जानकारी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों से सफाई व्यवस्था में आ रही दिक्कतों और उनके समाधान के बारे में सुझाव लिए गए। इसके लिए एक ऑनलाइन सर्वे भी कराया गया। इसमें लोगों की आदतों, कचरा उठाने की व्यवस्था, सफाई में आ रही कमियों और शिकायतों के निपटारे से जुड़े मुद्दों पर राय ली गई।
कचरा जमा होने वाले स्थानों पर होगी खास नजर
कार्यशाला में दिल्ली की सफाई से जुड़े 10 अहम सवालों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें सबसे बड़ा सवाल यह रहा कि भारी खर्च और लगातार प्रयासों के बावजूद दिल्ली में गंदगी की समस्या क्यों बनी हुई है। इसके अलावा घर-घर से कचरा उठाने की व्यवस्था को नियमित और बेहतर बनाने, सड़कों पर कूड़ेदान की जरूरत कम करने और शहर को कचरा पात्र-मुक्त बनाने के तरीकों पर विचार किया गया। बार-बार कचरा जमा होने वाले स्थानों (GVPs) की समस्या को खत्म करने और कचरे को नालों व जल स्रोतों में जाने से रोकने के उपायों पर भी चर्चा हुई। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों को पूरे दिन साफ, सुरक्षित और चालू रखने पर जोर दिया गया।
सफाई निरीक्षकों और सुपरवाइजरों को किया सम्मानित
कार्यशाला के दौरान शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अच्छा काम करने वाले सफाई निरीक्षकों और सुपरवाइजरों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक गुरु बीके हुसैन के संबोधन से हुई। इस मौके पर सचिव डी. थारा ने सफाई कर्मचारियों और निरीक्षकों के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी नगर निकाय की सबसे बड़ी ताकत उसका सफाई कर्मचारी होता है। डॉक्टर बीमारी होने के बाद इलाज करता है, लेकिन सफाई कर्मचारी गंदगी दूर करके बीमारियों को फैलने से रोकने का काम करते हैं। उनका काम लोगों को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है।
शिकायतों का जल्द होगा समाधान
कार्यशाला में नागरिकों की सफाई से जुड़ी शिकायतों को जल्द दूर करने के तरीकों पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही उन इलाकों के उदाहरण और तस्वीरें साझा की गईं, जहां सफाई व्यवस्था अच्छी है और जहां विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इस दौरान अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने माना कि दिल्ली को साफ रखने के लिए केवल सरकारी प्रयास काफी नहीं हैं, बल्कि आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। कार्यशाला के अंत में सभी विभागों और अधिकारियों ने मिलकर सफाई व्यवस्था सुधारने, कचरे का सही प्रबंधन करने और नागरिकों की शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करने का संकल्प लिया। इसका उद्देश्य दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और रहने के लिए बेहतर शहर बनाना है।


Download Android App
Download iOS App




