मध्य प्रदेश में ड्राइविंग के दौरान बैंक मैनेजर को आया हार्ट अटैक, बेकाबू कार ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर

Summary :

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में यूनियन बैंक के मैनेजर गिरिराज बघेल को कार चलाते समय अचानक हार्ट अटैक आ गया। इससे कार पर उनका नियंत्रण हट गया और कार कई गाड़ियों से टकरा गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें सीपीआर देकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में क्षतिग्रस्त गाड़ियों को लेकर किसी ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।

मध्यप्रदेश/ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में कार चलाते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से एक बैंक मैनेजर सड़क हादसे का शिकार हो गए। घटना शहर के सिटी सेंटर इलाके में स्थित एम्पायर अपार्टमेंट के पास सोमवार देर शाम की है। जानकारी के मुताबिक, यूनियन बैंक के मैनेजर गिरिराज बघेल को कार चलाते समय अचानक हार्ट अटैक आ गया।

इसके चलते कार पर से उनका कंट्रोल  हट गया। बेकाबू कार ने सड़क पर खड़े और वहां से गुजर रहे कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार एक के बाद एक कई वाहनों से टकराती चली गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दी जानकारी

घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, बैंक मैनेजर अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। घबराहट में उन्होंने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे कार रुकने के बजाय तेज स्पीड  से आगे बढ़ने लगी। इस दौरान कार एक के बाद एक कई गाड़ियों से टकरा गई।

शुरुआत में लोगों को लगा कि यह ड्राइवर  की लापरवाही से हुआ सड़क हादसा है। लेकिन जब उन्होंने कार के अंदर बैंक मैनेजर को बेहोश देखा तो हालात  समझ में आए । इसके बाद स्थानीय लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए उन्हें समय पर सीपीआर दिया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया।

पुलिस में नहीं दर्ज की गई शिकायत

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार को नुकसान पहुंचने के बावजूद किसी ने बैंक मैनेजर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई। वहीं, कार से मिले मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान को लोगों ने सुरक्षित रखकर बैंक में जमा करा दिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में विधायक ने मंच से पूछा इस्तीफा दे दूं क्या? जनता ने कहा- ‘हां दे दो’, Video हुआ वायरल

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।