अमित पालेकर होंगे आगामी गोवा विधानसभा चुनाव में AAP का CM फेस, अरविंद केजरीवाल ने किया ऐलान

Summary :

आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को यानी आज अमित पालेकर को गोवा विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में घोषित किया है।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को यानी आज अमित पालेकर को गोवा विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में घोषित किया है। पालेकर का नाम लिस्ट में सबसे आगे चल रहा था। बता दें कि आप ने पहले ही कहा था कि उनका सीएम फेस भंडारी समाज का होगा। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शिवसेना गठबंधन के खिलाफ चुनाव लड़ेगी।
अमित पालेकर होंगे गोवा में AAP के CM उम्मीदवार 
बता दें कि पालेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा था कि “गोवा में बदलाव की लहर है, आम आदमी पार्टी अब गोवा के लोगों के दिलों में बस गई है। गोवा में भ्रष्टाचारियों और ‘जुमलेबाज’ लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। हम गोवा को सभी के लिए बेहतर बनाएंगे।” आप के संयोजक केजरीवाल गोवा विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए जी जान से लगे हुए हैं, उन्होंने रविवार को राज्य के कोरटालिम गांव में आप के अन्य सदस्यों के साथ घर-घर जाकर प्रचार किया, जहां उन्हें मतदाताओं से बातचीत करते और पर्चे बांटते देखा गया।
गोवा चुनाव प्रचार में केजरीवाल ने लगाया एड़ी चोटी का जोर 
केजरीवाल ने मीडिया को बताया था कि “लोग आम आदमी पार्टी को वोट देने के लिए बहुत उत्साहित हैं, क्योंकि उन्हें एक बदलाव की आवश्यकता है और अन्य 2 दलों (कांग्रेस और भाजपा) से थक चुके हैं। उन्होंने हमारी पार्टी द्वारा दिल्ली में किए गए काम के बारे में भी सुना है।” बताते चलें कि गोवा में विधानसभा चुनाव 14 फरवरी को होंगे, जबकि मतगणना 10 मार्च को होगी।
आम आदमी पार्टी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और उद्योग, आजीविका, खनन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में सत्ता में आने पर गोवा के लिए 13-सूत्रीय एजेंडा सूचीबद्ध किया है। आप ने गोवा के लोगों को 3,000 रुपये प्रति माह के रोजगार या ‘बेरोजगारी भत्ते’ का प्रस्ताव दिया है, साथ ही उन परिवारों को भूमि अधिकार का आश्वासन भी दिया है जो छूट गए हैं।
युवाओं को रोजगार और 3 हजार का बेरोजगारी भत्ते का किया ऐलान  
केजरीवाल ने कहा था कि “युवाओं को रोजगार प्रदान किया जाएगा; जिन्हें रोजगार नहीं मिलेगा उन्हें तीन हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता मिलेगी। खनन का बहुत बड़ा निहित स्वार्थ है, हम सत्ता में आने के 6 महीने के भीतर खनन शुरू कर देंगे… हम गोवा में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे। दिल्ली की तरह ही गोवा के हर गांव और जिले में बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सेवा के लिए मोहल्ला क्लीनिक और अस्पताल खोले जाएंगे। किसान समुदाय के साथ चर्चा के बाद खेती के मुद्दों को हल किया जाएगा।”

उत्तराखंड चुनाव: कांग्रेस की CEC बैठक में 70 सीटों पर होगा फैसला, जल्द जारी होगी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

Desk Team