आर्यन खान मामले में NCB के गवाह किरण गोसावी पर पुणे पुलिस ने कसा शिकंजा, धोखाधड़ी केस में हुआ गिरफ्तार

Summary :

आर्यन खान मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के विवादित गवाह किरण गोसावी को आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया है।

आर्यन खान मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के विवादित गवाह किरण गोसावी को आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया है। पुणे पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया, पुणे पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता ने इस बात की पुष्टि की। गोसावी पर धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं और उसी में से एक मामले में पुलिस ने उसकी तलाश थी। पुणे पुलिस के मुताबिक, गोसावी को देर रात गिरफ्तार किया गया। किरण गोसावी को 2018 में हुए धोखाधड़ी के एक मामले में हिरासत में लिया गया है जिसमें वह फरार था। गोसावी को 2019 में पुणे शहर की पुलिस द्वारा वांछित घोषित किया गया था।
धोखाधड़ी के केस में हुई किरण गोसावी की गिरफ्तारी
बताते चलें कि पुलिस के मुताबिक, 2018 में किरण गोसावी और शेरबानो कुरैशी ने पुणे के चिन्मय देशमुख नाम के युवक को मलेशिया में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसी झांसे में लेकर युवक से इन्होंने 3 लाख रुपये ठग लिए थे, किरण गोसावी तब से लापता था और 3 अक्टूबर को मुंबई में क्रूज रेड के दौरान सामने आया था। इसके बाद वह एनसीबी का गवाह बना। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने उसके खिलाफ 14 अक्टूबर को लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। 
किरण गोसावी ने लगाया प्रभाकर सेल पर आरोप 
किरण गोसावी ने कहा था, “प्रभाकर सेल झूठ बोल रहा है। मैं बस इतना अनुरोध करना चाहता हूं कि उनकी सीडीआर रिपोर्ट जारी की जानी चाहिए। मेरी सीडीआर रिपोर्ट या चैट जारी की जा सकती है, प्रभाकर सेल और उनके भाई की सीडीआर रिपोर्ट, साथ ही चैट जारी की जानी चाहिए, सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। कम से कम एक मंत्री या महाराष्ट्र से विपक्ष का कोई भी नेता मेरे साथ खड़ा होना चाहिए। कम से कम उन्हें मुंबई पुलिस से अनुरोध करना चाहिए कि मैं क्या मांग कर रहा हूं (प्रभाकर सेल की सीडीआर और चैट जारी करने के लिए)। उनकी रिपोर्ट आने के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा।
किरण गोसावी का नाम उनके बॉडीगार्ड प्रभाकर सेल द्वारा चौंकाने वाले आरोपों के साथ एक हलफनामा जारी करने के बाद विवादों में आया। हलफनामे में प्रभाकर ने 3 अक्टूबर की तड़के लोअर परेल में शाहरुख खान की मैनेजर पूजा ददलानी, केपी गोसावी और सैम डिसूजा के बीच हुई मुलाकात का हवाला दिया था। क्रूज ड्रग्स केस में प्रभाकर सैल ने आरोप लगाया है कि आर्यन खान को छोड़ने के लिए गोसावी ने 25 करोड़ रुपये की डील की थी।
आर्यन खान के साथ सेल्फी क्लिक करके विवादों में घिरे थे गोसावी 
गोसावी ने बीते सोमवार को कहा था कि वह जल्द ही महाराष्ट्र के बाहर लखनऊ में आत्मसमर्पण करेगा और सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। गोसावी ने कहा था कि आर्यन खान की गिरफ्तारी पर उसे धमकी दी जा रही थी और कॉल आ रहे थे। गौरतलब है कि आर्यन खान की हिरासत के दौरान गोसावी शाहरुख खान के बेटे के साथ सेल्फी क्लिक करते हुए दिखा था। गोसावी एक निजी जासूस भी है। वहीं पुणे पुलिस धोखाधड़ी के एक मामले में गोसावी की तलाश कर रही थी। अब देखना होगा कि गोसावी पुलिस की पूछताछ में आर्यन खान केस से जुड़े मसलों पर क्या खुलासा करता है। 

Desk Team