उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने 6 बागी नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी ने रुद्रपुर के मौजूदा विधायक राजकुमार ठुकराल सहित 6 बागी उम्मीदवारों को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। भाजपा के राज्य मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि छह नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों और पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए निष्कासित किया गया है।
BJP के यह 6 नेता हुए निष्कासित
चौहान ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर जिन नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है, वे हैं टीका प्रसाद मैखुरी (करण प्रयाग), महावीर सिंह रंगड (धनौल्टी), जितेंद्र नेगी (डोईवाला), धीरेंद्र चौहान (कोटद्वार), मनोज शाह (भीमताल) और मौजूदा विधायक राजकुमार ठुकराल (रुद्रपुर)।चौहान ने आगे कहा कि भाजपा में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कांग्रेस ने भी अपने 4 नेताओं को किया था निष्कासित
बता दें कि दो दिन पहले ही विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी अपने चार नेताओं को अपना नामांकन वापस लेने के असफल प्रयास के बाद छह साल के लिए पार्टी की मूल सदस्यता से निष्कासित कर दिया था। कांग्रेस के निष्कासित चार नेता थे- संजय नेगी (रामनगर), संध्या दलकोटी (लालकुआ), एमएस कंडारी (रुद्रप्रयाग) और संजय डोभाल (यमुनोत्री) हैं।
27 जनवरी को दिया था BJP से इस्तीफा
27 जनवरी को राजकुमार ठुकराल सहित भाजपा के दो मौजूदा विधायकों, जिनका टिकट काट दिया गया था, ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। टिहरी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक धन सिंह नेगी इस्तीफे के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए और उन्हें टिहरी से टिकट दिया गया। इससे पहले बीजेपी के तीन मौजूदा विधायक हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।


Download Android App
Download iOS App



