उत्तराखंड पंचायत चुनाव : पहले चरण में 58.97 फीसदी हुआ मतदान

Summary :

पंचायत चुनाव तीन चरण में होने हैं अंतिम चरण में 16 अक्टूबर को मतदान होगा।

देहरादून : उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के पहले चरण में शनिवार को 58.97 फीसद मतदान हुआ। पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में 30 विकासखंडों की 2464 ग्राम पंचायतों में शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। शुरुआती दो घंटों में मतदान धीमा रहा और 10 बजे तक 12.46 फीसद लोगों ने वोट डाले थे। इसके बाद मतदान में तेजी आई और दोपहर दो बजे मतदान का आंकड़ा 46.43 फीसद पहुंच गया था। युवाओं में मतदान को लेकर खास उत्साह देखा गया।  
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार शाम चार बजे तक 58.97 फीसद मतदाताओं ने वोट डाला। हालांकि, आयोग का कहना है कि सभी जिलों से आंकड़े मिलने के बाद मध्य रात्रि तक ही मतदान की सही तस्वीर सामने आ पाएगी। अधिकारियों के मुताबिक मतदान पांच बजे समाप्त हुआ। मतदान का अंतिम आंकड़ा आने में कुछ वक्त लगेगा। राज्य के 12 जिलों में 30 विकास प्रखंडों में चुनाव हो रहे हैं इस चुनाव में 14,58,399 मतदाता हैं। 
पंचायत चुनाव तीन चरण में होने हैं अंतिम चरण में 16 अक्टूबर को मतदान होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट के अनुसार प्रथम चरण में सभी जिलों में मतदान शांतिपूर्ण रहा। कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि देर शाम से पोलिंग पार्टियों के लौटने का सिलसिला शुरू हो गया था। देर रात तक सभी विकासखंडों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में मतपेटियां जमा कराई जा रही थीं।

Desk Team