हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी): हरिद्वार शहर विधानसभा में पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता को दौरान विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने का दावा किया। शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के चारधाम चार काम के एजेंडे पर भी तंज किया। जबकि इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और हरीश रावत समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर भी सियासी तंज कसने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। हरीश रावत को तो हरदा के जगह हारदा तक कह दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्तमान में नेतृत्व के संकट से जूझ रही है।
विधानसभा चुनाव को लेकर स्टार प्रचारकों की होड़ हरिद्वार जिले में लगी हुई है। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान भी हरिद्वार जिले में गुरुवार से भाजपा प्रत्याशियों के लिए लोगों ने वोट मांग रहे हैं। शुक्रवार को हरिद्वार विधानसभा स्थित शंकर आश्रम चौक के निकट स्थित एक होटल में मध्य प्रदेश के सीएम ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चारधाम का विकास तो किया ही। साथ ही सूरवीर जवानों के लिए पांचवां धाम बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इस बार राज्य में भाजपा पिछली बार से अधिक सीटों पर चुनाव जीत रही है।
कांग्रेस पार्टी के चारधाम चार काम घोषणा पत्र पर बोलते हुए कहा कि चार काम में पांच लाख परिवारों को चालीस हजार देने की बात लिखी है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है पहले वहां इस योजना को लागू कर दें। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के होते कांग्रेस को किसी विरोधी की जरूरत नहीं है। राज्य की पूर्व कांग्रेस के सीएम हरीश रावत पर हमला बोलते हुए कहा कि वो हरदा नहीं हारदा हैं। वो कई बार लोकसभा हार चुके हैं और पिछली बार दो-दो विधानसभा से चुनाव हार चुके हैं। इस दौरान विकास तिवारी, अनिल कुमार, चंद्रशेखर कुर्ल और शिखर पालीवाल शामिल रहे।
अब कांग्रेसी भी राम-राम जपने लगे हैं
मध्य प्रदेश के सीएम ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि राम के अस्तित्व को नकारने वाले अब राम राम जपने लगे हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी ने जनेऊ पहन लिया, प्रियंका गंगा में स्नान कर रही हैं। दिग्विजय सिंह रामधुन गा रहे हैं और कमलनाथ हनुमान चालीसा पढ़ रहे हैं।
हरिद्वार शहर विधानसभा में पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए।
(छाया : पंजाब केसरी)


Download Android App
Download iOS App



