उत्तराखंड में चल रहे जिला पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ पार्टी विधायक उमेश शर्मा काउ का कथित आडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी ने रविवार को उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
देहरादून जिले के रायपुर क्षेत्र से विधायक काउ को अपना जवाब दाखिल करने के लिये तीन दिन का समय दिया गया है। प्रदेश पार्टी मीडिया प्रमुख देवेंद्र भसीन ने यहां बताया कि जिला पंचायत चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ विधायक काउ का एक आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भटट ने अनुशासनहीनता के दायरे में मानते हुए इसका संज्ञान लिया है।
भसीन ने कहा कि प्रदे54 अध्यक्ष के निर्देश पर पार्टी महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने काउ को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के अंदर अपना पक्ष रखने को कहा है। उन्होने कहा कि अगर विधायक तीन दिन में अपना पक्ष स्पष्ट नहीं करते तो यह माना जायेगा कि उन्हें इस संबंध में कुछ नहीं कहना है।
प्रदेश में इस समय त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव चल रहे हैं और अब तक भाजपा अपने 90 पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को अनुशासनहीनता के चलते पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा चुकी है।
काउ वर्ष 2016 में तत्कालीन हरीश रावत सरकार के खिलाफ बगावत करने वाले नौ कांग्रेस विधायकों में शामिल थे। बाद में वह अन्य कांग्रेस विधायकों की तरह भाजपा में शामिल हो गये थे और पिछला 2017 का विधानसभा चुनाव उन्होंने भाजपा के टिकट पर लड़ा और जीता था। गौरतलब है कि काउ के साथ ही कांग्रेस छोडकर भाजपा में शामिल हुए खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को भी अनुशासनहीनता के चलते कुछ समय पहले पार्टी से निष्कासित किया जा चुका है ।


Download Android App
Download iOS App



