चमोली : गुरुवार को ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर लंगासू के पास ऑल वेदर रोड निर्माण के दौरान चट्टान खिसकने से एक मजदूर के घायल होने के बाद अस्पताल लाते समय मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएचओ गिरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 10.30 बजे लंगासू में चंडिका देवी मंदिर के पास ऑल वेदर रोड का काम चल रहा था।
इसी दौरान पहाड़ी से भारी भरकम चट्टान खिसक गई और हाईवे पर काम कर रहा मजदूर लक्ष्मी प्रसाद मलेठा (52) पुत्र शंकर दत्त मलेठा, ग्राम पोस्ट-लंगासू मलबे की चपेट में आकर घायल हो गया। सूचना पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायल लक्ष्मी प्रसाद मलेठा को मलबे से निकाला और 108 की मदद से नंदप्रयाग अस्पताल में ले गए।
बताया जा रहा है कि नंदप्रयाग में प्राथमिक उपचार के बाद घायल लक्ष्मी प्रसाद मलेठा को हायर सेंटर रेफर किया। उसके बाद घायल को इलाज के लिए कर्णप्रयाग अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया था।


Download Android App
Download iOS App



