ओडिशा के भुवनेश्वर में रविवार को फ्लाईओवर के ढहने के संबंध में राज्य सरकार के एक अन्य इंजीनियर और एक निजी निर्माण कंपनी के अफसर को आज गिरफ्तार किया गया। फ्लाईओवर ढहने के कारण 1 व्यक्ति की मौत हो गई थी और 11 अन्य लोग घायल हो गए थे। पुलिस आयुक्त वाई बी खुरानिया ने बताया कि निर्माण विभाग में सहायक इंजीनियर किशोर राउत को यहां पुलिस उपायुक्त के कार्यालय में आत्मसमर्पण करने के बाद गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने रविवार को बोमीखल के निकट हुए हादसे के संबंध में पांडा इंफ्रा प्रोजेक्ट्स में प्रोजेक्ट मैनेजर विपुल चक्रवर्ती को भी गिरफ्तार किया है। पांडा इंफ्रा प्रोजेक्ट्स इस फ्लाईओवर परियोजना का निर्माण कार्य कर रही थी। इसके साथ ही, इस मामले में गिरफ्तार किए लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। निर्माण विभाग में उपकार्यकारी इंजीनियर बंसीधर प्रहराज और पांडा इंफ्रा प्रोजेक्ट्स के निदेशक प्रताप पांडा को कल गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने निर्माणाधीन फ्लाईओवर के ढहने के संबंध में पांडा इंफ्रा प्रोजेक्ट्स के दो अन्य निदेशकों के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज कर लिया है।


Download Android App
Download iOS App




