नयी दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता एन। धरम सिंह के निधन पर आज शोक व्यक्त किया। सोनिया ने अपने संदेश में कहा कि धरम सिंह ने अपने धैर्य, समर्पण और जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत से लोगों के दिलोंदिमाग में खास जगह बनाई थी। पांच दशकों के करियर में अपने काम और प्रतिबद्धता के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने धरम सिंह की पत्नी और परिवार के प्रति भी संवेदनाएं जाहिर की। धरम सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए राहुल गांधी ने उन्हें जननेता करार दिया।
उन्होंने ट्वीट किया, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री धरम सिंह जननेता थे, जिनका करियर पांच दशकों से ज्यादा का रहा। उनके निधन पर मेरी संवेदनाएं। पिछले कुछ महीने से बीमार चल रहे 83 साल के धरम सिंह बेंगलूर स्थित अपने घर में बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें एम एस रमैया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब 40 मिनट बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। धरम सिंह ने 2004-2006 के दौरान कांग्रेस-जद एस सरकार की अगुवाई की थी। नौ बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके धरम सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद भी संभाला था।


Download Android App
Download iOS App



