मेघालय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ए एल हेक कल भाजपा में शामिल होंगे। अगले कुछ महीनों के भीतर होने वाले मेघालय विधानसभा चुनाव से पहले हेक का भाजपा में शामिल होना पार्टी के लिए अच्छी खबर मानी जा रही है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शिबुन लिंगदोह ने बताया कि हेक और तीन अन्य विधायकों को कल गोल्फ लिंक ग्राउंड में होने वाली एक रैली में पार्टी में शामिल किया जाएगा। मेघालय में चुनाव प्रभारी बनाए गए केंद्रीय मंत्री के जे अल्फॉंस, भाजपा के पूर्वोत्तर मामलों के प्रभारी राम माधव और पूर्वोथर जनतांत्रिक गठबंधन (नेडा) के संयोजक एवं असम के वित्त मंत्री हिमंत बिस्व सरमा सहित कई अन्य नेता इन विधायकों को रैली को सम्मानित करेंगे।
भाजपा में शामिल होने वाले अन्य विधायकों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सनबोर शुलई और निर्दलीय – जस्टिन डीखर और रॉबिनस सिंग्कॉन – शामिल हैं। भाजपा के एक नेता ने नाम का खुलासा नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी। विधायकों की प्रतिक्रिया जानने के लिए उनसे संपर्क की गई लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
पिछले हफ्ते मेघालय में सत्ताधारी कांग्रेस के पांच सहित आठ विधायकों ने राज्य विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) में चार जनवरी को शामिल होंगे।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



