कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री गोविंद एम. कजरोल ने सोमवार को कहा कि हाल के हफ्तों में राज्य कांग्रेस के कुछ नेताओं के खिलाफ प्रवर्तन एजेंसियों की छापेमारी में राजनीतिक मंशा नहीं ढूंढी जानी चाहिए। आयकर विभाग के अधिकारियों ने पिछले हफ्ते कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर और उनके सहयोगियों से जुड़े कई स्थानों पर छापेमारी की थी।
राज्य कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाए थे कि उनकी पार्टी के सदस्यों को निशाना बनाया जा रहा है। कजरोल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘देश की स्वतंत्रता के 70 वर्षों के दौरान आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय ने कई लोगों पर छापेमारी की है। ये संवैधानिक संस्थाएं कानून के दायरे में काम कर रही हैं। इस तरह की छापेमारी को किसी राजनीतिक मंशा से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि आयकर अधिकारियों ने केवल कांग्रेस नेताओं पर छापेमारी नहीं की है बल्कि अन्य राजनीतिक दलों के सदस्यों पर भी छापेमारी की है। उन्होंने कहा कि इन छापेमारियों के लिए भाजपा या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उत्तरदायी नहीं ठहराया जाना चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस के शासनकाल में भी आयकर छापेमारियां हुई थीं। क्या हमें कहना चाहिए कि वे राजनीतिक मंशा से की गई थीं।’’


Download Android App
Download iOS App



