गोवा फॉरवर्ड पार्टी के प्रमुख विजय सरदेसाई ने ओसीआई कार्ड धारकों के खिलाफ टिप्पणी को लेकर राज्य के बंदरगाह मंत्री माइकल लोबो की आलोचना की और आरोप लगाया कि प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली सरकार आलोचना के प्रति ‘‘असहिष्णु’’ है। लोबो ने शनिवार को दावा किया था कि कुछ विदेशी नागरिक राज्य में विकास परियोजनाओं को लेकर स्थानीय लोगों को भड़का रहे हैं।
मंत्री ने कहा था, “जिन लोगों के पास ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया(ओसीआई) कार्ड है, उन्हें इस बात की चिंता अधिक होनी चाहिए कि पुर्तगाल या लंदन में क्या हो रहा है। गोवा को हम पर छोड़िए, इसकी देखभाल करने के लिए हम यहां हैं। हम जानते हैं कि आप गोवा से प्यार करते हैं लेकिन राज्य के बारे में सकारात्मक रहे। रास्ते में रोड़े न अटकाए।”
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सरदेसाई ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार अपने खिलाफ आलोचना को लेकर असहिष्णु है। उन्होंने कहा कि विदेशों में रह रहे भारतीयों को गोवा के बारे में अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है।
राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने रविवार को दक्षिण गोवा जिले के मारगांव शहर में पत्रकारों से कहा, “जब भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए मैंने 2017 में मनोहर पर्रिकर का समर्थन किया था तो ओसीआई कार्ड धारकों ने मेरी निंदा की थी। मेरी अब भी निंदा की जाती है लेकिन मैंने कभी उनके खिलाफ एक शब्द तक नहीं कहा।”


Download Android App
Download iOS App



