मध्यप्रदेश की झाबुआ विधानसभा सीट पर सोमवार को होने वाले उपचुनाव से एक 1 पहले भाजपा विधायक रमेश मेंदोला पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मामला दर्ज किया गया है। विधायक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मेंदोला मध्य प्रदेश के इंदौर-2 विधानसभा सीट से विधायक हैं और झाबुआ जिला मुख्यालय से करीब दस किलोमीटर दूर कल्याणपुरा थाना अंतर्गत अंतरवेलिया पुलिस चौकी पर उनसे पूछताछ की जा रही है। झाबुआ जिले के पुलिस अधीक्षक विनीत जैन ने बताया, ‘‘विधायक रमेश मेंदोला यहां घूम रहे थे। प्रचार प्रसार कर रहे थे। आज दोपहर चार बजे वह ग्राम भगोर के आसपास घूम रहे थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेंदोला के खिलाफ भादंवि की धारा 188 और 171 (च) के अंतर्गत कल्याणपुरा थाने में आज शाम प्राथमिकी दर्ज की गई।’’
जैन ने बताया कि मेंदोला को अभी गिरत्तार नहीं किया गया है। उन्हें सिर्फ पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इसी बीच, भाजपा के जिला महामंत्री प्रवीण सुराना ने कहा, ‘‘पुलिस द्वारा गलत कार्रवाई की गई है। यह इनकी निष्पक्षता पर संदेह पैदा करता है। झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि मेंदोला गुजरात की तरफ से आ रहे थे और उज्जैन जा रहे थे। पुलिस ने अंतरवेलिया पुलिस चौकी पर उन्हें रोका, जहां से उज्जैन की ओर मार्ग जाता है। उन्होंने कहा कि मेंदोला को रोककर उनके वाहन की जांच की गई। लेकिन उनके वाहन में पुलिस को कुछ भी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। सुराने ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा उनको परेशान किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



